केंद्र सरकार के एक दर्जन से अधिक सचिवों ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए देश भर में लागू 21 दिनों के लॉकडाउन से जुड़े रणनीतिक मुद्दों पर सोमवार को चर्चा की। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने बैठक की अध्यक्षता की।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने बंद से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बंद हटने के बाद आगे के कदमों के बारे में भी चर्चा की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में प्रभाव का मूल्यांकन और मांग पर भी चर्चा की गई।
बैठक में भाग लेने वालों में नागरिक उड्डयन, श्रम और रोजगार, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, सूचना और प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों के सचिव शामिल हैं। फार्मा, कृषि, उद्योग और आंतरिक व्यापार को बढ़ावा देने, उपभोक्ता मामलों, आर्थिक मामलों, उच्च शिक्षा विभागों के सचिवों के अलावा रेलवे बोर्ड और नीति आयोग के प्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया।