प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सिक्किम के पाक्योंग में बने राज्य के पहले हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री पवन चामलिंग और केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु भी मौजूद थे। साल 2009 में इस ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे की आधारशिला रखे जाने के करीब नौ साल बाद सिक्किम का यह सपना पूरा हुआ है। यह हवाई अड्डा गंगटोक से करीब 33 और चीन की सीमा से 60 किलोमीटर दूर है। पीएम ने कहा कि चार साल में उनकी सरकार ने 35 हवाई अड्डों का निर्माण किया है।
सिक्किम की जनता को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का यह दिन सिक्किम के लिए तो ऐतिहासिक है ही, देश के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। पेक्योंग हवाई अड्डे के खुलते ही देश में हवाई अड्डों का शतक लग गया है। अपने पहले और देश के सौवें हवाई अड्डे से जुड़ने पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने बताया कि वह खुद निजी तौर पर उत्तर-पूर्वी राज्यों में विकास की जानकारी लेने कई बार आते रहे हैं।
पीएम ने कहा कि यह हवाई अड्डा आप लोगों के जीवन को और आसान करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। पेक्योंग एयरपोर्ट इस थका देने वाली दूरी को मिनटों में समेटने वाला है। इससे सफर तो आसान और कम हुआ ही है, सरकार ने यह भी कोशिश की है यहां से आना जाना सामान्य व्यक्ति की पहुंच में भी रहे। इसलिए इस एयरपोर्ट को उड़ान योजना से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि सिक्किम और उत्तर पूर्वी राज्यों में इंफ्रास्ट्रक्चर और इमोशनल, दोनों तरह की कनेक्टिविटी को विस्तार देने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर पूर्व के राज्यों चाहे सिक्किम हो, अरुणाचल प्रदेश हो, मेघालय हो, मणिपुर हो, नगालैंड हो, असम हो या फिर त्रिपुरा। यहां कई काम पहली बार हो रहे हैं। जैसे हवाई जहाज पहली बार पहुंचे हैं, रेल कनेक्टिविटी पहली बार पहुंची है, कई जगह बिजली पहली बार पहुंची है, चौड़े नेशनल हाईवे बन रहे हैं, गांव की सड़कें बन रही हैं, नदियों पर बड़े-बड़े पुल बन रहे हैं और डिजिटल इंडिया का विस्तार हो रहा है।
हवाई अड्डों के शतक पूरे होने पर पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारे 100
हवाई अड्डे चालू हो गए हैं, इसमें से 35 एयरपोर्ट बीते 4 वर्षों में जुड़े हैं। आजादी के बाद से साल 2014 तक यानि 67 साल के बाद भी देश में 65 हवाई अड्डे थे। यानि 1 वर्ष में औसतन 1 हवाई अड्डा बनाया गया, बीते 4 वर्षों में औसतन 1 साल में 9 हवाई अड्डे तैयार हुए हैं।
पीएम ने कहा कि 70 सालों में 400 विमान और पिछले एक साल में विमानन कंपनियों ने 1000 नए विमानों का आर्डर दिया है, यह मेरे उस सपने को सच करेगा जिसमें हवाई चप्पल पहनने वाला सामान्य इंसान हवाई यात्रा कर सकेगा। सरकार ने ट्रांसपोर्ट और टूरिज्म को ट्रांसफॉर्मेशन का साधन बनाया है।
अपने संबोधन में ऑर्गेनिक फार्मिंग का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। इसके लिए परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत काम किया जा रहा है। उत्तर पूर्व में सरकार ने मिशन ऑर्गेनिक वैल्यू डेवलेपमेंट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन चलाया है। इसके लिए करीब 400 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।