फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राष्ट्रपति चुनाव: चेहरे से परदा हटाए बिना विपक्ष से समर्थन मांग रही भाजपा

Fri, 16 Jun 2017 10:00 PM IST
संजय मिश्र /अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
देश के अगले राष्ट्रपति के सर्वसम्मति से चुने जाने के आसार बेहद कम हैं। सरकार ने सर्वसम्मति के लिए पहल का दिखावा जरूर किया है। मगर अपनी पसंद के चेहरे से परदा हटाए बिना ही भाजपा विपक्ष से समर्थन मांग रही है।
विज्ञापन


विपक्ष के नेताओं से मिलकर समर्थन मांगने के दौरान भी भाजपा ने अपने उम्मीदवार के चेहरे पर सस्पेंस बरकरार रखा है। भाजपा नेता एवं सरकार के वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सीताराम येचूरी और मुलायम सिंह सरीखे विपक्ष के नेताओं से मुलाकात तो की है।

मगर यहां भी पार्टी ने उम्मीदवार के नाम का पत्ता नहीं खोला है। बिना किसी नाम के ही सरकार ने विपक्ष का समर्थन मांगा है।  सरकार के इस प्रयास को विपक्ष अब महज सियासी खानापूर्ति ही मान रहा है। नेताओं की मुलाकात महज चाय पर चर्चा तक ही सिमट कर रह गई है। 
विज्ञापन


आडवाणी, जोशी के सामने भी नहीं खोले पत्ते
राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडू ने पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रपति चुनाव के लिए शुरू किए गए प्रयासों से अवगत कराया है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा नेताओं ने आडवाणी के समक्ष भी उम्मीदवार के नाम की चर्चा नहीं की है। देर शाम राजनाथ सिंह ने डॉ मुरली मनोहर जोशी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की है। यहां भी उन्होंने उम्मीदवार के नाम का जिक्र नहीं किया है। 

चेहरे के ऐलान के लिए अभी उचित समय नहीं मान रही भाजपा 
राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया की बेशक शुरूआत हो गई है। लेकिन अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान करने के लिए इस वक्त को भाजपा अभी उचित नहीं मान रही है। सोनिया से मुलाकात में सरकार के दोनों वरिष्ठ मंत्रियों ने कवायद का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा है कि उम्मीदवार का नाम तय करने से पहले पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष ने इस संपर्क के प्रयास की इच्छा जताई है।

सूत्र बताते हैं कि सरकार और भाजपा अलग-अलग पार्टियों से बिना किसी एक नाम अथवा पैनल के सभी दलों से मशविरा कर रही हैं। सबकी राय और सुझाव जानने के बाद उचित समय पर सत्ताधारी दल के उम्मीदवार के नाम का ऐलान होगा। 

22 जून को हटेगा राजग उम्मीदवार के चेहरे से परदा 

सूत्र बताते हैं कि सरकार की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार के चेहरे से 22 जून को परदा हटेगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है इसलिए सरकार के रणनीतिकार योग दिवस से ध्यान भटकाना नहीं चाहते हैं।

यही वजह है कि पार्टी अपने उम्मीदवार के नाम का औपचारिक ऐलान 22 जून को करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार वैसे नाम का चयन पीएम मोदी को करना है। मगर ऐलान से पहले 22 जून को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई जाएगी।

इसके बाद इसी दिन राजग दलों की बैठक भी बुलाई जाएगी। फिर 23 जून को ही राजग उम्मीदवार के जरिए नामांकन किए जाने की संभावना जताई जा रही है। चूकि पीएम मोदी को 24 जून की रात अमेरिका रवाना होना है।
इसलिए पार्टी अपने उम्मीदवार का नामांकन 23 को करवाएगी। पार्टी नेताओं का इतना जरूर कहना है कि उम्मीदवार राजनीतिक होगा। किसी वैज्ञानिक अथवा ब्यूरोक्रेट की संभावना बेहद कम है। तो उम्मीदवार चयन में पार्टी ब्राहण—दलित के गठजोड़ को साधने का प्रयास करेगी। 

राजग उम्मीदवार की ओर से भरे जाएंगे नामांकन के 4 सेट  
भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजग उम्मीदवार के नाम को अभी अंतिम रूप नहीं दिया है। मगर नामांकन की पूरी तैयारी हो चूकी है। तकनीकी सहयोग के लिए भूपेंद्र यादव, अनंत कुमार और मुखत्तार अब्बास नकवी के नेतृत्व में बनी तीन सदस्यीय समिति ने नामांकन के लिए जरूरी कार्यों को पूरा कर लिया है।

पार्टी की ओर से उम्मीदवार के लिए नामांकन फार्म के 4 सेट भरे जाएंगे। प्रत्येक सेट में 50 प्रस्तावक और 50 समर्थक होंगे। इस लिहाज से पार्टी ने करीब 450 सांसदों और विधायकों की सूची तैयार कर ली है।

भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में पीएम मोदी, उनकी सरकार के वरिष्ठ मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता प्रस्तावक एवं अनुमोदक के रूप में फार्म पर हस्ताक्षर करेंगे। राजग के सहयोगी दलों के नेताओं को भी प्रस्तावक की लिस्ट में शामिल किया गया है। 
 
विज्ञापन

नायडू ने मायावती से की फोन पर बात 

विपक्ष को बातचीत में उलझाए रखने की कवायद के बीच भाजपा नेताओं की एक वरिष्ठ टीम वोट के गणित को बढाने के प्रयास में जुटी है। इस टीम के एम सदस्य का दावा है कि चुनाव की स्थिति में सामने विपक्ष का उम्मीदवार चाहे कोई भी हो राजग-भाजपा के उम्मीदवार की जीत 3 लाख से उपर से होगी। पार्टी अपने मतों में लगातार इजाफा मान रही है।

विपक्षी दलों की राय जानने की कवायद में वेंकैया नायडू ने नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात के अलावा दिल्ली में उपस्थित न रहने वाले नेताओं से फोन पर बात की है। इस कवायद में उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती, रांकपा प्रमुख शरद पवार और अन्नाद्रमुक के नेता थम्बीदूरई से फोन पर बातचीत की है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें