उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत
- फोटो : पीटीआई
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव दो दिनों की यात्रा पर भारत आए हैं। उन्हें सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से हुई। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रपति शावकत ने बताया कि हर उज्बेक के दिल में भारतीयों के लिए खास जगह है। भारत तेजी से विकास कर रहा है और आत्मविश्वास के साथ दुनिया में अपनी साख मजबूत कर रहा है।
राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव पत्नी जिरोत मिर्जियोयेव और परिवार सहित 100 सदस्यीय दल के साथ भारत की दो दिन की यात्रा पर आए हैं। वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट भी जाएंगे। इसके बाद मिर्जियोयेव प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे और हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी।
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव कल भारत आए और उन्होंने सबसे पहले प्रेम की मूरत कहे जाने वाले ताजमहल का दीदार किया। वह ताजमहल में करीब 50 मिनट तक रहे थे जहां उन्होंने अपनी पत्नी के साथ फोटो भी खिंचवाई थी।
कल ताजमहल के घूमने के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और आगरा के मेयर नवीन जैन ने एक एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए जिसके तहत उज्बेकिस्तान के शहर समरकंद और ताजनगरी को सिस्टर सिटी बनाए जाने पर भी बातचीत की गई है।