पूर्वोत्तर के लिए 1.6 लाख करोड़ की सड़क व परिवहन परियोजनाएं मंजूर
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर के लिए 1.6 लाख करोड़ रुपये की सड़क व परिवहन परियोजनाओं को मंजूरी देने की घोषणा की। गुवाहाटी में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा के बाद उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं में सड़कें, रोपवे, आरओबी, ब्रह्मपुत्र नदी एवं अन्य जल निकायों पर बड़े पुल शामिल हैं। गडकरी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पूर्वोत्तर भारत में कनेक्टिविटी की कमी को पाटने और इस क्षेत्र में परिवहन के बुनियादी ढांचे को गति देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
नाबालिग के यौन शोषण और हत्या मामले में एसपी के बाद मजिस्ट्रेट गिरफ्तार
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म व हत्या के मामले में एसपी के बाद अब दायित्व का निर्वाह न करने के आरोप में एक मजिस्ट्रेट को भी गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी पत्रकारों को दी। उन्होंने सीआईडी की सराहना की।
कहा, इससे पहले सीआईडी एसपी, एएसपी, धूला थाने के ओसी और तीन डॉक्टरों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) एवाईवी कृष्णा ने कहा, गिरफ्तार सरकारी अधिकारियों ने मामले को आत्महत्या बताकर बंद करने के लिए झूठी रिपोर्ट दी। सरमा ने कहा, यह मामला असम पुलिस के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पीड़िता के अंतिम संस्कार के एक महीने से अधिक समय बाद उनके निर्देश पर नए सिरे से जांच शुरू की गई थी।
तूफान निकोल को झेलने के बाद फिर लॉन्च के लिए तैयार नासा का चंद्र मिशन
मौसम एवं अन्य तकनीकी कारणों से बार-बार टल रहा नासा का चंद्र मिशन अगले सप्ताह प्रक्षेपण के लिए तैयार है। इसके पहले यह मिशन पिछले मंगलवार को लॉन्च होना था लेकिन फ्लोरिडा में आए तूफान निकोल के चलते इसे टालना पड़ा था। इस तूफान के बाद नासा के मून रॉकेट में मामूली मरम्मत करनी पड़ी थी। अब इस मिशन को 16 नवंबर के लिए शेड्यूल किया गया है।
नासा को 29 अगस्त और 3 सितंबर को अपने दो प्रक्षेपण प्रयासों को टालना पड़ा था। 30 अगस्त को एसएलएस रॉकेट के इंजन में तकनीकी खराबी के कारण पहली बार मिशन लॉन्च को रद्द कर दिया था, दूसरी बार 3 सितंबर को रोक दिया गया था। एजेंसी