फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AmarUjala75: 'देश की विकास यात्रा का साक्षी और भागीदार', पढ़ें राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी का संदेश

Tue, 18 Apr 2023 06:20 AM IST
शिव शरण शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

#AmarUjala75: यह सुखद संयोग है कि अमर उजाला ने अपने 75 वर्ष पूरे किए हैं और देश भी अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश साझा किए हैं।
 
विज्ञापन
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का शुभकामना संदेश। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर उजाला को स्थापना के 75 वर्ष पूरे करने पर बधाई और पाठकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा जताई है कि अमर उजाला राष्ट्र की आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करने का काम करता रहेगा। पढ़ें, उनके बधाई संदेश। 

विज्ञापन


गौरवशाली परंपरा... सफलता के नए आयाम
''यह हर्ष का विषय है कि ‘अमर उजाला’ अपने 75 वर्ष पूरे करके हीरक जयंती में प्रवेश कर रहा है। लोकतंत्र में एक जागरूक समाज के निर्माण में समाचार पत्रों की महती भूमिका रही है। ‘अमर उजाला’ ने अपनी गौरवशाली परंपरा में अपनी विशेष कार्य संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। आजादी के इस अमृतकाल में, विश्व में श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को प्रतिष्ठापित करने के लिए ‘अमर उजाला’ अपने दायित्व में पहले की तरह समर्पित रहेगा, ऐसा मेरा विश्वास है। ‘अमर उजाला’ की हीरक जयंती के अवसर पर मैं, ‘अमर उजाला’ परिवार और इसके सुधी पाठकों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करती हूं।''
- श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति, भारत गणराज्य

जागृत लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा

''देश के प्रतिष्ठित हिंदी दैनिक ‘अमर उजाला’ की हीरक जयंती के अवसर पर आपके सुधी पाठकों, वर्तमान तथा पूर्व में इस दैनिक से जुड़े पत्रकार बंधुओं एवं अमर उजाला परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। विगत 75 वर्षों में अपने 22 मुख्य संस्करणों के माध्यम से आपने भारतीय पत्रकारिता जगत और विशेषकर हिंदी पत्रकारिता की प्रशंसनीय सेवा की है। जागरूक प्रेस, जागृत लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा होती है जो लोकतंत्र को जन सरोकारों से जोड़े रखती है। आज जब भारत आजादी के अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है, राष्ट्र नई अपेक्षाओं और ऊर्जा के साथ अपनी प्रगति यात्रा पर अग्रसर हो रहा है। मुझे विश्वास है कि अमर उजाला हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रामाणिकता के नए प्रतिमान स्थापित करता रहेगा और राष्ट्र की आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति देने हेतु कार्य करता रहेगा।''

विज्ञापन

- जगदीप धनखड़, उपराष्ट्रपति, भारत गणराज्य


देश की विकास यात्रा का साक्षी और भागीदार
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ को स्थापना के 75 वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इस अवसर पर विशेष संस्करण के बारे में जानकर प्रसन्नता हुई। देश आज जिस विकास यात्रा पर तेजी से अग्रसर है, मीडिया उसका साक्षी और भागीदार दोनों है। पाठकों तक सूचनाएं पहुंचाने, जन-सरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। चाहे स्वच्छ भारत को जन-अभियान बनाना हो या फिर डिजिटल लेन-देन को लेकर लोकशिक्षा का अभियान चलाना हो, मीडिया ने अपने सकारात्मक प्रयासों से राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को गति प्रदान की है। स्वस्थ बहस, स्वस्थ चर्चा हमारी संस्कृति का हिस्सा रही है।''

उन्होंने कहा, ''विविधता में एकता की हमारी संस्कृति में विभिन्न विचारों का सम्मान हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करते हैं। आजादी के अमृत कालखंड में हम एक भव्य और विकसित भारत के निर्माण का प्रण लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इस अमृत काल में ‘अमर उजाला’ समेत देश के मीडिया संस्थान अपनी सकारात्मक भूमिका निभाते हुए हमारे संकल्प को मजबूती प्रदान करेंगे और सामूहिक सामर्थ्य की शक्ति से उर्जित राष्ट्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। एक बार फिर से ‘अमर उजाला’ से जुड़े सभी लोगों और पाठकों को हीरक जयंती वर्ष की बधाई और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''

सीजेआई चंद्रचूड़ ने अमर उजाला की 75वीं वर्षगांठ पर दी बधाई
न्यायपालिका से पारदर्शी व निष्पक्ष न्याय व्यवस्था अपेक्षित है वैसे ही पत्रकारिता जगत से भी यही अपेक्षा होती है। समाचार, सामाजिक गतिविधियों और सरोकार का आईना होते हैं। समाचार पत्र मात्र सूचना या जानकारी का माध्यम नहीं है, बल्कि आप पर समाज को दिशा देने और जागरूक करने का भी दायित्व होता है।

छह राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों में अमर उजाला की 75 वर्षों की यह सतत यात्रा आपकी सर्वमान्य स्वीकार्यता को दर्शाती है। अमर उजाला की यशस्वी यात्रा सतत रहे और आप समाज को जागरूक करने के पुनीत कार्य में सदैव अग्रसर रहें।

विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें