राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह के प्रथम चरण में देश के जांबाज सैनिकों को शौर्य चक्र और अन्य वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया। यह सम्मान उन सैन्यकर्मियों को प्रदान किए गए जिन्होंने सैन्य सेवा के दौरान बहादुरी, साहस और बलिदान का परिचय दिया। कार्यक्रम में चार मरणोपरांत समेत छह कीर्ति चक्र और सात मरणोपरांत समेत 33 शौर्य चक्र प्रदान किए गए।
समारोह का आयोजन राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित तीनों सेनाओं के प्रमुख उपस्थित रहे। इस अवसर पर देश ने अपने उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि और सम्मान दिया, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी या असाधारण साहस का परिचय दिया। समारोह देश की सैन्य परंपरा और वीरता के प्रति सम्मान का प्रतीक बना।