एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद चुनाव में जीत के प्रबल दावेदार हैं, वह अगर जीत दर्ज करते हैं तो अगले महीने से दिल्ली के सबसे आलीशान बंगले राष्ट्रपति भवन में उनका निवास होगा, लेकिन फिलहाल उनके पास अपना ऐसा कोई ठिकाना नहीं है जिसमें वह पूरे प्रोटोकॉल के साथ रह सकें।
जी हां सुनने में ये बात बेशक थोड़ी अजीब लगे लेकिन यही सही है कि आंकडों के हिसाब से देश के अगले राष्ट्रपति तय लग रहे कोविंद को चुनाव तक किसी के यहां अतिथि रहना होगा। मीडिया में चल रही खबरों पर यकीन करें तो फिलहाल उनका ठिकाना बनेगा केंद्रीय राज्यमंत्री डा. महेश शर्मा का दिल्ली स्थित बंगला। जो उन्हें मंत्री होने के नाते मिला हुआ है। हालांकि जानकारी ये भी है की कोविंद के नाम दिल्ली में एक फ्लैट है, लेकिन शायद वह उनकी जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है, इसलिए उन्हें मंत्री के बंगले में ठहराया जा रहा है।
दूसरी ओर महेश शर्मा के पास नोएडा में अपना निजी घर होने के कारण वह ज्यादातर वहीं रहते हैं ऐसे में 10 राजाजी मार्ग स्थित यह बंगला अधिकतर समय खाली रहता है। इसी बंगले में फिलहाल राष्ट्रपति चुनाव तक रामनाथ कोविंद का डेरा रहेगा।