अचानक अपने आगोश में लेने वाली मौत जिंदगी का सबसे हरा-भरा टुकड़ा पीछे छोड़ जाती है। एक मुलाकात, एक चिट्ठी, कोई तस्वीर या फिर कोई वीडियो। सबकुछ जिंदगी से भरा। वाइब्रेंट पीस ऑफ लाइफ बिफोर सडन डेथ।
20 अप्रैल 2020 यानी की महज चार दिन पहले बीएमडब्ल्यू इंडिया के 46 साल के सीईओ रुद्रतेज सिंह इस दुनिया को अलविदा कह गए। कार्डियक अरेस्ट ने उनकी जान ले ली।
लॉकडाउन के वक्त घर में लॉक रुद्रतेज सिंह की जिंदगी को मौत ने एक झटके में अपने आगोश में ''लॉक'' कर लिया। रूडी के जवान शरीर के दिल की धड़कनें अचानक बंद हो गईं।
फिटनेस और सेहत को दिल में जज्बे की तरह रखने वाले रूडी के दिल के इस तरह थम जाने से उनका परिवार और कंपनी सदमे में हैंं और कॉर्पोरेट जगत में उनके चाहने वाले सकते में।
अपनी मौत के कुछ दिन पहले रूद्रतेज ने एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में रूद्रतेज ने लॉक डाउन में वर्कफ्रॉम होम कर रहे कंपनी के कर्मचारियों को फिटनेस, हेल्थ, स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए कहा था। नौकरी से ऊपर सेहत और जिंदगी को रखने वाले रूडी ने कहा था- कर्मचारी काम के बीच में ब्रेक लेते रहें। फैमिली को टाइम दें और सेहत का ध्यान रखें।
पब्लिक लाइफ में जिंदगी का आखिरी हिस्सा बन जाने वाला रूद्रतेज का यह वीडियो संदेश चर्चा में था। ऐसे दौर में जबकि कोराना की काली परछाई के बीच कंपनियां छंटनी और घाटे के डर में अपनी चादर समेटने की उहापोह में उलझी हैं वहीं बीएमडबल्यू के शीर्ष पद पर बैठने वाला यह अधिकारी अपने इम्प्लॉयीज को जिंदगी और सेहत का संदेश दे रहा था।
फ्रेंच दार्शनिक और लेखक वोल्टेयर ने कहा था-अपने लिए सोचें और दूसरों को ऐसा करने का विशेष अधिकार दें।
रूद्रतेज प्रताप दूसरों के बारे में सोचते हुए इस दुनिया से विदा हो गए। एक सदमे की तरह उन्हें आगोश में लेने वाली मौत उनके पीछे जिंदगी का सबसे खूबसूरत टुकड़ा छोड़ गई है। हारी बीमारियों से थके लोगों के बीच मौत के मुहाने से छोड़ा गया जीवन का खुश्नुमा लम्हा। चंद पलों का एक वीडियो।
सोशल मीडिया पर तैरता रूडी का आखिरी वीडियो। जैसे मिलान के सांता मारिया डेल ग्राज़ी चर्च में दीवार पर तैरता विंचि का ''लास्ट सपर'।
क्राइस्ट की मौत से पहले जीवन से भरा सबसे सुंदर टुकड़ा..!
अलविदा रूद्रतेज
डियर रूडी यह वीडियो हम सहेज लेंगे।
तुम यकीन रखना
हम अपनी जिंदगी का जरूर ख्याल रखेंगे..!