ओडिसा सरकार ने एक बार फिर अपने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से मुंह की खाई है। उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिला को सरकारी एंबुलेंस सड़क पर पेड़ गिरने से जाम हुए रास्ते की वजह से बीच में ही छोड़कर चली गई।
गर्भवती महिला को उसके परिजन 16 किलोमीटर दूर कालाहांडी जिले के एक सरकारी अस्पताल में बांस से लटकाकर ले गए। मामला लांजीगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत त्रिलोचनापुर में कंसाबुंदेल गांव का है।
बता दें कि गर्भवती महिला सिंगरी माझी ने एक लड़की को जन्म दिया है और दोनों की हालत बेहतर बताई जा रही है। वहीं, कालाहांडी के सीडीएमओ बृज किशोर ब्रह्मा ने इस बारे में पूछे जाने पर बताया कि ' हमने सभी सुविधाओं का इंतज़ाम किया था लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों में बेहद खराब कनेक्टिविटी के कारण हम उन तक पहुंचने में असमर्थ हैं।'
बता दें कि इसी गांव में कुछ दिन पहले ही एंबुलेस की सुविधा के ना होने के चलते गर्भवती महिला मलाडी मांझी को भी स्ट्रेचर पर उसके परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया था लेकिन महिला के बच्चे को जन्म देने से पहले ही गर्भ में ही उसकी मौत हो गई।