शशिकला विशेष अदालत के समक्ष समर्पण करने के लिए बंगलूरू के होसूर स्थित परपन्ना अग्रहारा सेंट्रल जेल जाने से पहले बुधवार को जयललिता के स्मारक और पार्टी संस्थापक एमजी रामचंद्रन के रामपुरम आवास गईं।
शशिकला यानी चिनम्मा ने मरीन बीच पर जयललिता के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। यहां उन्हें धीरे-धीरे कुछ कहते देखा गया लेकिन उनकी बात सुनी नहीं जा सकती थी। शशिकला समर्थकों की भीड़ के बीच से होते हुए जयललिता स्मारक पहुंची। उनके समर्थकों की भीड़ में पूर्व मंत्री गोकुला इंदिरा और उपमहासचिव टीटीवी दिनाकरन भी शामिल थे। कुछ महिलाओं ने एमजीआर आवास में शशिकला के लिए ‘आरती’ भी की।
विधायकों को बंधक बनाने के मामले में शशिकला, पलनीस्वामी पर केस दर्ज
पुलिस ने यहां के एक रिजॉर्ट में पार्टी के विधायकों को कथित रूप से हिरासत में रखने के लिए बुधवार को अन्नाद्रमुक महासचिव वीके शशिकला और विधायक दल के नेता ई पलनीस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
दोनों के खिलाफ अपहरण और गलत तरीके से कैद में रखने से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मदुरै (दक्षिण) से विधायक एसएस सारावनन की शिकायत पर कुवाथूर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। विधायक भी ओ. पन्नीर सेल्वम के खेमे से हैं।
पिछले सप्ताह, मुख्यमंत्री पनीरसेल्वम को समर्थन देते हुए सारावनन ने दावा किया था कि वह कपड़े बदलकर किसी तरह रिसोर्ट से भागने में सफल रहे। बीते एक सप्ताह से अन्ना द्रमुक के विधायक एक महंगे रिजॉर्ट में रुके हुए थे। इसमें से कई ने दावा किया था कि वहां वह अपनी मर्जी से रुके हैं।