पांच में से चार राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद भाजपा 2024 की तैयारी में जुट गई है। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण से इसकी झलक भी दिखाई दी। पीएम मोदी ने पांच राज्यों के जरिए 2024 पर निशाना साधा, लेकिन राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भाजपा की इस प्रचंड जीत और पीएम मोदी के भाषण पर तंज कसा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि, भारत की लड़ाई 2024 में ही लड़ी जाएगी और वहीं परिणाम भी तय होंगे। उन्होंने कहा कि, यह साहेब भी जानते हैं कि, यह लड़ाई किसी राज्य में नहीं होगी।
क्या है पीके का इशारा
दरअसल, प्रशांत किशोर ने पीएम के उस भाषण पर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा कि 2022 के परिणामों ने 2024 के परिणाम तय कर दिए हैं। पीके ने कहा कि 2024 की लड़ाई किसी राज्य में नहीं होगी। यह वह बहुत अच्छे से जानते हैं। इसलिए वे अभी से माहौल बनाने में जुटे हैं, जिससे विपक्ष पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल की जा सके। उन्होंने कहा कि, इस तरह के झांसे में न आएं।
क्या कहा था पीएम मोदी ने
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में प्रचंड जीत के बाद पीएम ने कहा था कि, जब हम 2019 में आम चुनाव जीते थे तो कुछ राजनीतिक ज्ञानियों ने कहा था कि, यह जीत तो 2017 के चुनावों में ही तय हो गई थी। इसलिए क्या वे राजनीतिक ज्ञानी अब यह कहने की हिम्मत करेंगे कि, 2022 के चुनाव परिणामों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।