सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर
- फोटो : twitter/PrakashJavdekar
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को लोकसभा में बताया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे का हल निकालने के लिए केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं। साथ ही उन्होंने केंद्र द्वारा किए गए कार्यों का श्रेय लेने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज भी कसा।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना उन्होंने बताया कि दिल्ली में कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनका प्रदूषण कम करने में कोई योगदान नहीं है लेकिन समाचार पत्रों में विज्ञापन देकर इसका श्रेय खुद ले रहे हैं।
निचले सदन में प्रश्नकाल के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण पर सवालों के जवाब में जावड़ेकर ने बताया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण सबसे गंभीर समस्या है। केंद्र सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। 100 शहरों में प्रदूषण के मुद्दे से निपटने के लिए एक राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) भी शुरू किया गया और हर शहर के लिए एक योजना बनाई गई।
उन्होंने बताया कि बदरपुर पावर प्लांट बंद किया गया और पिछले 10 सालों से लंबित पड़े पूर्वी और पश्चिमी एक्सप्रेस पेरिफेरल वे का निर्माण भी किया गया। दिल्ली से गुजरने वाले करीब 50000 ट्रक अब बाहर से ही निकल जाते हैं।
पहले इनसे दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता था जोकि अब कम हुआ है। कम प्रदूषित बीएस6 तकनीक वाले वाहनों को पेश किया गया। इन पर 60000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। साथ ही इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों को भी लॉन्च किया गया जिनसे प्रदूषण स्तर में कमी आ रही है।