Portuguese President Marcelo Rebelo De Sousa and Prime Minister Narendra Modi
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डि सूसा के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर व्यापक चर्चा की। इसके बाद दोनों देशों के बीच निवेश, परिवहन, बंदरगाह, संस्कृति व कारोबार समेत सात क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दक्षिणी यूरोप में पुर्तगाल भारत के लिए अहम साझेदार है और बीते 15 वर्षों में दोनों देशों के संबंधों में निरंतर प्रगति हुई है। अक्तूबर, 2005 में पुर्तगाल ने गैंगस्टर अबू सलेम और मोनिका बेदी को भारत को प्रत्यर्पित किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, हमारे संबंध अधिक मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी और पुर्तगाल के राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में एक दूसरे की ताकत से फायदा उठाना शामिल है। दोनों नेताओं की वार्ता के बाद सात क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौते हुए।
मंत्रालय के मुताबिक, पुर्तगाल के साथ भारत के संबंध जोशपूर्ण व मित्रतापूर्ण रहे हैं और हाल के वर्षों में इनमें काफी वृद्धि हुई है। दोनों देशों के बीच अर्थव्यवस्था और व्यापार, विज्ञान, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय और विकासपरक सहयोग है। दोनों देश अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर काफी महत्वपूर्ण साझेदार हैं।
पुर्तगाल के राष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों पक्षों के लिए द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा करने और आम हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सहयोग के दृष्टिकोण से नई दिशा में आगे बढ़ाने अवसर प्रदान करेगी।
कोविंद ने सम्मान किया भोज का आयोजन
पुर्तगाल के राष्ट्रपति सूसा बृहस्पतिवार को चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे थे। शुक्रवार शाम उन्होंने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। कोविंद ने सूसा के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन किया। अपनी यात्रा के दौरान सूसा महाराष्ट्र और गोवा भी जाएंगे।
ये समझौते हुए
- गुजरात के लोथल में राष्ट्रीय नौवहन धरोहर संग्रहालय स्थापित करने को पुर्तगाल के रक्षा मंत्रालय व भारत के पोत परिवहन मंत्रालय के बीच समझौता।
- दोनों देशों के बीच औद्योगिक एवं बौद्धिक संपदा अधिकार के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
- दोनों देशों ने दृश्य श्रव्य सह उत्पादन में सहयोग को लेकर समझौता किया।
- पुर्तगाल के डिप्लोमेटिक इंस्टीट्यूट और विदेश सेवा प्रशिक्षण संस्थान के बीच समझौता ज्ञापन किया गया।
- भारत और पुर्तगाल ने नौवहन परिवहन एवं बंदरगाह विकास को लेकर सहयोग समझौता किया।
- दोनों देशों ने भारत और पुर्तगाल के बीच आवाजाही गठजोड़ को लेकर भी संयुक्त घोषणा की ।
- इसके अलावा इन्वेस्ट इंडिया और स्टार्टअप पुर्तगाल के बीच भी एमओयू हुए ।