पुलिस ने एक स्वतंत्र कार्टूनिस्ट को मुख्यमंत्री ई. पलनीस्वामी का कथित रूप से आपत्तिजनक कार्टून बनाने के मामले में गिरफ्तार किया है। कार्टूनिस्ट बाला ने हाल में सूदखोरी के जुड़े मामले एक परिवार के आत्मदाह करने की घटना के बाद यह कार्टून बनाया था। वहीं गिरफ्तारी के विरोध में चेन्नई प्रेस क्लब ने सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
पुलिस ने कहा कि 36 वर्षीय कार्टूनिस्ट जी. बाला उर्फ बालाकृणन को तिरुनवेली से गिरफ्तार किया गया। बाला को तिरुनवेली जिला कलेक्टर संदीप नंदूरी की तरफ से शिकायत दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार किया गया।
बाला के खिलाफ संबंधित धाराओं में 1 नवंबर को केस दर्ज किया गया था। कार्टून में सीएमा और जिला कलेक्टर के साथ शहर के पुलिस प्रमुख को भी दिखाया गया है।
मालूम हो कि तिरुनवेली कलेक्टरेट परिसर में कथित रूप से साहूकार से परेशान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व दो बच्चे समेत खुद को आग लगा ली थी। इस घटना के बाद 26 अक्तूबर को इस कार्टून को छापा गया था। घटना में महिला और दो बच्चों की उसी दिन 23 अक्तूबर को मौत हो गई थी जबकि आदमी ने बाद में दम तोड़ा।