आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के नेता हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार अकाली दल के मुखिया बादल परिवार के इशारे पर चल रही है। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर मामलों में कांग्रेस की कैप्टन सरकार बादल परिवार को बचा रही है। वह बादल परिवार पर कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे साबित होता है कि दोनों दलों के बीच कोई सांठगांठ है।
आम आदमी की भलाई के कोई काम नहीं
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि किसी राज्य की चुनी हुई सरकार अपनी जनता के प्रति जवाबदेह होती है। उसका हर काम जनता को ध्यान में रखकर किया जाता है और उसी की भलाई के लिए किया जाता है। लेकिन पंजाब सरकार आम आदमी की बजाय बादल परिवार की भलाई के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चुनाव के समय कहा था कि यह उनका आखिरी चुनाव है।
आप सरकार बनने का दावा, बादल परिवार की कराएंगे जांच
चीमा ने कहा कि अब जनता ने यह तय कर लिया है कि कैप्टन को दुबारा मौका नहीं देना है। अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और सरकार बनने के बाद सबसे पहले बादल परिवार के द्वारा किए गए मामलों की जांच कराई जाएगी।