प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के कानपुर में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। इस रैली में उन्होंने चुनाव आयोग के उस प्रस्ताव की प्रशंसा की जिसमें राजनीतिक दलों को मिलने वाले बेनामी चंदे पर रोक का जिक्र किया गया है। इतना ही पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राजनीतिक दलों के प्रति जनता का भरोसा कम हुआ है, लेकिन पार्टियों की जिम्मेदारी है कि वे जनता का भरोसा हासिल करें।
मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग चुनावों में गुंडागर्दी खत्म करने और कालाधन रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कई कदम उठा रहा है। चुनाव आयोग ने जिस तरह से कालेधन के खिलाफ आह्वान किया है वह सरकार की नीतियों का ही एक तरह से समर्थन है।
इस विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल किया। जिसमें सवाल पूछा, 'क्या राजनीतिक दलों को दो हजार से ज्यादा के बेनामी चंदे पर रोक लगा देनी चाहिए?' पोल में कुल 8,637 पाठकों ने हिस्सा लिया।
खास बात ये है कि पोल में लोगों ले लगभग एकतरफा इस बात के पक्ष में वोट दिया कि राजनीतिक दलों को मिलने वाले दो हजार से ज्यादा के चंदे पर रोक लगा देनी चाहिए। जबकि इसके विरोध में मात्र 4.16 फीसदी यानि 359 पाठकों ने ही वोट किया। वहीं 0.85 फीसदी यानि 73 पाठकों ने कह नहीं सकते विकल्प को चुना।