केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक दलों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है। कुछ दल इसे लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में जरूरी कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ नेताओं ने इसके संघीय ढांचे और राज्यों के प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने शरद पवार के रुख की आलोचना की है। वहीं, बीआरएस और शिवसेना ने प्रस्ताव का समर्थन किया है।
डी राजा बोले- महिला आरक्षण को परिसीमन से क्यों जोड़ रही सरकार?
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा कि डीएमके एक स्वतंत्र राजनीतिक दल है और उसे अपने फैसले के परिणामों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विधेयक का समर्थन करने से पहले यह देखना जरूरी है कि इससे संघीय व्यवस्था मजबूत होगी या कमजोर।
डी राजा ने कहा कि परिसीमन को लेकर देश में अभी सहमति नहीं है और अलग-अलग दलों के विचार अलग हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण को परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा है, जबकि संसद इसे पहले ही कानून का रूप दे चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि वह महिला आरक्षण लागू करने को लेकर गंभीर क्यों नहीं है।
शरद पवार के रुख पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के परिसीमन बिल का समर्थन करने की खबरों पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शरद पवार दो बार कांग्रेस छोड़ चुके हैं और कई बार पार्टी के साथ गठबंधन भी कर चुके हैं।
दलवई ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में नहीं है, तब पवार भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत बताते हुए शरद पवार से अपने रुख पर दोबारा विचार करने की अपील की। उनके मुताबिक, ऐसा करना देश के हितों के खिलाफ जाने जैसा होगा।
शिवसेना सांसद ने किया प्रस्ताव का समर्थन
शिवसेना सांसद संजय जाधव ने परिसीमन बिल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि समाज के हित में कोई नीति लाई जाती है, तो सभी राजनीतिक दलों को उसका समर्थन करना चाहिए। जाधव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से इस विधेयक को लाने के प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अभी एक लोकसभा क्षेत्र में करीब 22 से 25 लाख मतदाता हैं। ऐसे में सांसदों के लिए सभी लोगों तक पहुंचना मुश्किल होता है। उनके मुताबिक, सीटों की संख्या बढ़ने से इस समस्या को दूर करने में मदद मिल सकती है।
BRS ने लोकसभा में समर्थन का किया एलान
तेलंगाना में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटें मौजूदा 17 से बढ़कर 26 हो जाएंगी। इससे संसद में राज्य की आवाज मजबूत होगी। केटीआर ने यह भी घोषणा की कि राज्यसभा में बीआरएस के तीनों सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे।
चिराग पासवान बोले- हर राज्य को होगा फायदा
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया में दरारें दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन के कई दल अब सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए आगे आ रहे हैं। चिराग के मुताबिक, यह प्रस्ताव अच्छा है और इससे देश के हर राज्य को फायदा होगा।
OBC आरक्षण को लेकर भी उठी मांग
हैदराबाद में पूर्व कांग्रेस विधायक दानम नागेंद्र ने परिसीमन प्रक्रिया में जनसंख्या के अनुपात के आधार पर प्रतिनिधित्व देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की तरह अन्य पिछड़ा वर्ग को भी इस प्रक्रिया में ध्यान में रखा जाना चाहिए। नागेंद्र ने चेतावनी दी कि अगर परिसीमन के दौरान ओबीसी समुदाय के साथ अन्याय हुआ, तो देशभर में बड़ा आंदोलन हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।