आसाराम प्रकरण में अहमदाबाद गई पुलिस को वहां से अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही रहस्य से पर्दा उठेगा। अभी इस प्रकरण में पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। जिसमें हत्या की पटकथा लिखने, फाइनेंस करने और बाकी सारी व्यवस्था करने वालों के नाम सामने आ गए हैं। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन किसने, कब, कहां क्या सहयोग कार्तिक को किया था, वो सबकुछ खुलकर सामने आ गया है।
अहमदाबाद से कार्तिक से पूछताछ करने के बाद लौटी पुलिस की मानें तो अभी शाहजहांपुर पुलिस ने कार्तिक को रिमांड पर लिया है। वहीं उससे पूछताछ की जा रही है। उसके बाद मुजफ्फरनगर पुलिस उसे रिमांड पर लेगी। रिमांड में की जाने वाली पूछताछ के बाद अखिल की हत्या की पूरी कहानी सामने आएगी।
अभी सिर्फ इतना ही पता चला है कि एक आरोपी जो कि गाजियाबाद में रहता है, उसी ने कार्तिक के शहर में ठहरने आदि की व्यवस्था की थी। ठहरने के दौरान ही कार्तिक ने अखिल की रेकी की थी और मौका पाते ही 11 जनवरी 2015 को उसकी हत्या कर दी थी। कुल पांच लोगों का अखिल की हत्या में हाथ है।
सभी ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। इसमें दो गुजरात, दो मध्यप्रदेश और एक गाजियाबाद का है। एसपी सिटी संतोष कुमार मिश्रा का कहना है कि कार्तिक को रिमांड पर लाकर पूछताछ की जाएगी, जिससे सारा मामला सामने आएगा।