विस्फोट कोच्चि के पास कलमश्शेरी में एक कन्वेंशन सेंटर में हुए थे। यहां रविवार को ईसाई समूह ‘यहोवा के साक्षी’ की प्रार्थना सभा चल रही थी। यहोवा ईसाई धार्मिक समूह है, जिसकी शुरुआत 19 वीं शताब्दी में अमेरिका में हुई थी।
केरल में ईसाई धार्मिक सभा में बम विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसने बीते दिन ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। पुलिस कमिश्नर ए. अकबर ने बताया कि डोमिनिक मार्टिन की गिरफ्तारी शाम सात बजे बयान दर्ज करने बाद की गई। उन्हें तय समय के भीतर अदालत में पेश किया जाएगा। उस पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए की धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि यह एक अकेले आदमी का कृत्य है, लेकिन हम अधिक विवरण की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन
इससे पहले केरल के एडीजीपी (कानून और व्यवस्था) एमआर अजित कुमार ने बताया था कि एक व्यक्ति ने त्रिशूर ग्रामीण के कोडाकरा पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया है। उसका दावा है कि यह उसी ने किया है। उसका नाम डोमिनिक मार्टिन है। वह खुद को ईसाइयों के ‘यहोवा के साक्षी’ समूह का सदस्य बता रहा है।
इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि एक धार्मिक सभा में हुए विस्फोट मामले की जांच प्रभावी तरीके से आगे बढ़ रही है। धमाकों में तीन लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने विस्फोट स्थल का दौरा किया। उन्होंने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात भी की।
विज्ञापन
विस्फोटों की जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो संदेश वायरल हुआ था
व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो संदेश भी डाला था। विभिन्न टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि संगठन की शिक्षाएं देश के लिए ठीक नहीं थीं। हालांकि, संगठन की ओर से किसी ने भी उनके आरोपों पर प्रतिक्रिया नहीं दी।
कलमश्शेरी में एक कन्वेंशन सेंटर में हुए थे धमाके
दरअसल, विस्फोट कोच्चि के पास कलमश्शेरी में एक कन्वेंशन सेंटर में हुए थे। यहां रविवार को ईसाई समूह ‘यहोवा के साक्षी’ की प्रार्थना सभा चल रही थी। यहोवा ईसाई धार्मिक समूह है, जिसकी शुरुआत 19 वीं शताब्दी में अमेरिका में हुई थी।
मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई
शुरुआती जानकारी में धमाकों में एक महिला की मौत और 60 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। इनमें छह की हालत गंभीर बताई गई थी। बाद में गंभीर रूप से घायल छह लोगों में से 53 वर्षीय एक महिला ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह तक 12 वर्षीय लड़की की भी मौत हो गई। इस तरह अब तक घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है।