पश्चिम बंगाल के हावड़ा में पुलिस ने एक प्रोफेसर को छात्रा से बलात्कार करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। छात्रा कॉलेज में थर्ड ईयर में पढ़ती है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि महिला ने प्रोफेसर के खिलाफ थाने में लिखित में शिकायत की थी जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक छात्रा ने यह शिकायत 2 जुलाई को की थी। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि उसके साथ यह घटना मई में हुई थी। छात्रा ने कहा कि आरोपी प्रोफेसर ने एक असाइनमेंट की जांच के लिए उसे अपने घर पर बुलाया था। जहां उसके साथ कथित तौर पर जबरदस्ती बलात्कार करने की कोशिश की गई और धमकी दी। अधिकारी ने कहा कि छात्रा ने प्रोफेसर पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी के बाद बीमार पड़ गया था इसलिए उसे अभी तक अदालत में पेश नहीं किया जा सका। उन्होंने आगे कहा कि वे जल्द ही पीड़ित के बयान को रिकॉर्ड करेंगे और सहपाठियों से पूछताछ करेंगे।