मशहूर शायर मुनव्वर राणा अपनी शायरी और बयानों की वजह से विवादों और सुर्खियों में रहते हैं। फिर एक बार उन्होंने ऐसा ट्वीट किया है जिसकी वजह से बवाल मच गया है। एक ट्वीट करके उन्होंने अपनी चंद पंक्तियों से 'संसद को गिराकर खेत' बनाने की बात कही है।
हालांकि, विवाद बढ़ता देख बाद में उन्होंने ट्वीट को डिलीट कर दिया। जिसके बाद उन्होंने कहा कि वे पुरानी संसद की इमारत को गिराकर खेत बनाने की बात कह रहे थे। यह हम सब जानते हैं मुनव्वर राणा देश के काफी मशहूर शायर हैं और उनकी कई शायरियां दुनियाभर में सुनी जाती हैं, लेकिन पिछले काफी समय से अपने बयानों पर घिरते रहते हैं।
मुनव्वर राणा अपने ट्विटर अकाउंट पर शायरी की पंक्तियां ट्वीट करते रहते हैं। इसी तरह उन्होंने रविवार को भी एक ट्वीट किया, जिस पर बवाल मच गया। राणा ने अपने ट्वीट में लिखा, 'इस मुल्क के लोगों को रोटी तो मिलेगी, संसद को गिराकर वहां कुछ खेत बना दो। अब ऐसे ही बदलेगा किसानों का मुकद्दर, सेठों के बनाए हुए गोदाम जला दो। मैं झूठ के दरबार में सच बोल रहा हूं, गर्दन को उड़ाओ, मुझे या जिंदा जला दो।' फिर बाद में मुनव्वर राणा ने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक कई लोग उसे शेयर कर चुके थे।
अपने ट्वीट को डिलीट कर दी सफाई
मशहूर शायर ने ट्वीट डिलीट करने के बाद अपनी सफाई भी पेश की। उन्होंने कहा कि जब नया संसद भवन बन रहा है तो पुरानी बिल्डिंग को गिरा देना चाहिए तभी वहां पर नई इमारत का निर्माण होगा। वहां पर कुछ खेतों को बना देना चाहिए, जिससे किसानों को भरपेट भोजन मिल सके। इसमें कोई बुरी बात नहीं है। मुनव्वर राणा ने एक निजी चैनल से बात करते हुए आगे कहा, इस मुल्क में इमरजेंसी लगी हुई है कि जुबां खोलते ही शायर को गाली पड़ने लगती है।
कुछ समय पहले फ्रांस में हुए हमले पर भी दिया था विवादित बयान
ऐसा ही मुनव्वर राणा ने कुछ समय पहले फ्रांस में हुए आतंकी हमले पर एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि अगर कोई उनके माता-पिता या भगवान का गंदा कार्टून बनाता है, तब वे भी उसकी हत्या कर देंगे। मुनव्वर राणा ने कहा था कि कोई हमारे माता-पिता या फिर भगवान का गंदा, आपत्तिजनक कार्टून बनाता है तो हम उसे मार देंगे। उन्होंने कहा कि फ्रांस में जो कुछ भी हुआ, सब गलत हुआ।