फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्नाटक: येदियुरप्पा कैबिनेट के विस्तार का आज हो सकता है एलान, सात नए मंत्रियों को मिलेगी जगह

Mon, 11 Jan 2021 02:03 AM IST
Kuldeep Singh एजेंसी, नई दिल्ली/बंगलूरू
विज्ञापन
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा - फोटो : ANI
विज्ञापन

कर्नाटक मंत्रिमंडल में सात नए सदस्यों को सोमवार सुबह शामिल किया जा सकता है। इस मामले पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि अंतिम निर्णय सोमवार सुबह लिया जाएगा। मंत्रिमंडल के नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 13 जनवरी को होगा। 

विज्ञापन

 


कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। वरिष्ठ नेताओं से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्रिमंडल में बदलाव जल्द किया जाएगा। 

शाह के आवास पर एक घंटे तक चली बैठक में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह भी मौजूद थे। बैठक के बाद येदियुरप्पा ने कहा कि इसमें मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जल्द ही अच्छी खबर मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वालों को जल्द मंजूरी मिल जाएगी क्योंकि बैठक में इसको लेकर सकारात्मक, अर्थपूर्ण और संतोषजनक चर्चा हुई। वह बातचीत से पूरी तरह खुश हैं... हम उनके निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने हर मदद का आश्वासन दिया है।   

विज्ञापन



एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर यह 101 फीसदी आखिरी बैठक थी। जल्द से जल्द नामों को स्वीकृति मिल जाएगी। राज्य में पिछले एक साल से मंत्रिमंडल विस्तार लंबित है। इसमें देरी के चलते भाजपा नेताओं में ही असंतोष पनपने लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में उन्होंने कुछ नाम सुझाए हैं और विश्वास है कि केंद्रीय नेतृत्व इन पर सकारात्मक जवाब देगा।

यह मंत्रिमंडल विस्तार होगा या फेरबदल पर उन्होंने कहा कि आपको जल्द सूचना मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में बेलगावी लोकसभा सीट और मस्की व बासवकल्याण विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भी बातचीत हुई। केंद्रीय नेतृत्व ने जल्द उम्मीदवारों के नाम देने को कहा है। वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने हाल में हुए ग्राम पंचायत चुनाव के परिणामों पर भी प्रसन्नता जताई।   

ये नेता होड़ में 
मंत्रिपद की होड़ में विधायक उमेश कुट्टी, मुनीरत्ना, बासनगौड़ा पाटिल यतनाल, एमपी रेणुकाचार्या, अरविंद लिम्बावली और एसआर विश्वनाथ के साथ ही विधान परिषद सदस्य सीपी योगेश्वर, एमटीबी नागराज और आर शंकर भी हैं। एमएलसी एएच विश्वनाथ भी मंत्रिपद की होड़ में थे, लेकिन कर्नाटक हाईकोर्ट के एक फैसले से उनकी उम्मीदें धूमिल हो गई हैं। प्रदेश कैबिनेट में 34 मंत्री हो सकते हैं और वर्तमान में 27 मंत्री हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें