पंजाब नेशनल बैंक से दो अरब डॉलर से ज्यादा की धोखाधड़ी करने के आरोपी फरार हीरा कारोबारी मेहुल चौकसी ने यहां एक विशेष अदालत को बताया कि अगर यात्रा के लिहाज से उसकी सेहत ठीक रही तो वह उसके समक्ष पेश होगा।
उसके वकील संजय एबोट ने शनिवार को विशेष पीएमएलए न्यायाधीश एम एस आजमी के समक्ष ईडी की याचिका पर सुनवाई के दौरान यह बात कही। ईडी ने नये भगोड़े आर्थिक अपराधी अधिनियम के तहत चौकसी को भगोड़ा घोषित करने की मांग की।
चौकसी के वकील ने अदालत को बताया कि चौकसी यात्रा के लिये फिट नहीं है, इसलिये उनका बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये दर्ज किया जा सकता है या फिर ईडी के अधिकारी एंटीगुआ जाकर उनका बयान ले सकते हैं।
वकील ने कहा कि एजेंसी तीन महीने इंतजार भी कर सकती है और अगर उनकी सेहत में सुधार होता है तो वह देश लौट सकते हैं। पिछले महीने चौकसी ने ‘‘स्वास्थ्य कारणों’’ का हवाला देकर प्रवर्तन निदेशालय की उन्हें ‘‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी’’ घोषित करने की याचिका को रद्द करने की मांग की थी।