अपने दूसरे कार्यकाल में पीएम नरेंद्र मोदी नए अवतार में हैं। सांसदों के अलग-अलग समूहों के साथ बैठक कर पीएम ने साफ कर दिया है कि उन्हीं सांसदों का भविष्य बेहतर होगा जो राजनीति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र की दोहरी जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने में सफल होंगे।
अब तक सांसदों के 5 समूहों के साथ बैठक में पीएम ने अलग-अलग समूहों को नई-नई जिम्मेदारियां दी है। इस दौरान पीएम ने साफ कर दिया है कि सांसदों के कामकाज की रिपोर्ट तैयार होगी और बेहतर रिपोर्ट वाले सांसदों को ही भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी।
गौरतलब है कि पीएम ने 17वीं लोकसभा के पहले सत्र में सांसदों के 7 समूहों से मिलने की योजना बनाई थी। अब तक पीएम पूर्व में केंद्र और राज्य में मंत्री रहे सांसदों, युवा, एससी-एसटी, ओबीसी और महिला सांसदों के समूहों से मुलाकात कर चुके हैं। अलग-अलग वर्ग के सांसदों को पीएम ने नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ समान रूप में सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है। पीएम ने साफ तौर पर कहा है कि सांसदों के कामों की वह खुद समय समय पर निगरानी करेंगे।