बिल गेट्स से चर्चा करते पीएम मोदी
- फोटो : Twitter
कोरोना वायरस संकट से पूरी दुनिया जूझ रही है। प्रधानमंत्री इस दौरान दुनियाभर की बड़ी हस्तियों से इस महामारी को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं, गुरुवार देर रात पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स से बात की।
दोनों के बीच कोविड-19 को लेकर वैश्विक प्रतिक्रिया और इस प्रकोप से लड़ने के लिए वैज्ञानिक नवाचार और अनुसंधान एवं विकास को लेकर वैश्विक समन्वय पर चर्चा की गई। पीएम ने वैश्विक संकट की इस घड़ी में गेट्स फाउंडेशन द्वारा भारत सहित दुनिया के कई अन्य हिस्सों में किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने देश में हुए कामों के बारे में बताया
प्रधानमंत्री ने बिल गेट्स से सुझाव मांगे कि कैसे भारत की क्षमताओं को दुनिया के फायदे के लिए बेहतर तरीके से प्रयोग किया जा सकता है। पीएम मोदी ने बिल गेट्स को बताया कि कैसे देश के लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन किया। साथ ही उन्होंने बताया कि लोगों ने कैसे कोरोना वॉरियर्स के प्रति इज्जत, मास्क को पहनना और लॉकडाउन के प्रावधानों का पालन किया।
पीएम मोदी ने बताया कि किस तरह देश में स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को लोकप्रिय बनाया गया है। इसके अलावा लोगों की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए आयुर्वेदिक दवाओं का भी सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन सभी चीजों ने भारत को कोरोना महामारी से लड़ने में मजबूती दी है।
कोरोना से उबारने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण: बिल गेट्स
वहीं, बिल गेट्स ने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में दुनिया का एकजुट होना जरूरी है। साथ ही गेट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चर्चा करने के लिए शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस समय जो संकट आया है, उससे उबारने के लिए भारत की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। फिर वो चाहे कोरोना जांच हो, या वैक्सीन का निर्माण ही क्यों ना हो।