जीएसटी और नोटबंदी को लेकर देश में बन रहे नकारात्मक माहौल के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार शाम को अपने मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम मंत्रिपरिषद के अपने सहयोगियों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का उत्साह भरेंगे।
सरकार को भी अब लगने लगा है कि नोटबंदी और जीएसटी को लेकर विपक्ष के जरिए फैलाई जा रही बातों को जनता के बीच बल मिलने लगा है। आने वाले दिनों में संसद से लेकर गुजरात चुनाव के जरिए जनता तक में आर्थिक मुद्दों पर सरकार की असल परीक्षा होने वाली है। यही वजह है कि पीएम मोदी अपने सहयोगियों से सरकार के कामकाज का हिसाब लेने के साथ इन कामों को जनता के बीच मजबूती से रखने का आह्वान करेंगे।
पढ़ेंः- चिंदबरम बोले- गुजरात चुनाव की वजह से GST में बदलाव के लिए केंद्र हुआ मजबूर
बैकफुट पर जाने के बजाय भाजपा और सरकार की रणनीति विपक्ष के आरोपों का बढ़-चढ़कर जवाब देने की है। इस कवायद में ही पीएम मोदी ने सरकार के अपने मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुलाई है, ताकि सरकार के आर्थिक कदमों से हुए बेहतरी के प्रभावों से सभी मंत्री अवगत हो सकें।
वैसे तो पीएम मोदी हर दो से तीन माह में कैबिनेट की पूरी मंत्रिपरिषद के साथ बैठक करते हैं, मगर संसद के अगामी सत्र और गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज शाम होने वाली बैठक अहम मानी जा रही है। शाम को संसदीय सौध में करीब 4:30 बजे कैबिनेट की बैठक होनी है। उसके तुरंत बाद ही मंत्रिपरिषद बैठक की शुरुआत होगी। बैठक में कुछ विभागों के जरिए कामकाज का लेखा-जोखा भी पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद पीएम मोदी का संबोधन होगा।