प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नोएडा में सैमसंग कंपनी की एक यूनिट का उद्घाटन किया है। बताया गया है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल निर्माता फैक्ट्रीज में से एक होगी और इसकी निर्माण क्षमता 120 मिलियन फोन प्रतिवर्ष होगी। पीएम के समकक्ष साउथ कोरिया के राष्ट्राध्यक्ष भी इस अवसर पर उपस्थित होंगे।
प्रधानमंत्री के द्वारा इस यूनिट के उद्घाटन से ठीक पहले सपा ने यह कहकर कटाक्ष किया है कि यह यूनिट भी अखिलेश यादव सरकार के द्वारा लाई गई थी। सपा ने अखिलेश यादव के 17 अक्टूबर 2016 के उस ट्वीट को भी सामने रखा है जिसमें वे 2000 करोड़ की लागत से बनने वाले इस संयंत्र के लिए सैमसंग कंपनी को धन्यवाद दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अखिलेश सरकार द्वारा राज्य में राष्ट्रीय-बहुराष्ट्रीय कंपनियों के द्वारा निवेश कराने के प्रयासों के तहत इस समझौते को अमल में लाया गया था।
सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह ने इसे भी योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा अखिलेश सरकार द्वारा किये जा चुके कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश बताया है। एक सपा नेता ने 'राम-राम जपना, पराया काम अपना' हैश टैग का उपयोग करते हुए ट्वीट किया है और कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि जब भाजपा नेता इस यूनिट का उद्घाटन करेंगे तब वे अखिलेश यादव को धन्यवाद अवश्य देंगे।
समाजवादी पार्टी वर्तमान सरकार पर हमेशा इस बात को लेकर हमला करती रही है कि वह अखिलेश सरकार के द्वारा शुरू किए गए कार्यों का श्रेय ले रही है। इसके पूर्व लखनऊ और नोएडा में मेट्रो की शुरुआत और एलिवेटेड रोड के निर्माण के मामलों पर भी सपा ने इसी तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त की थी।