प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (बनारस) में 21 से 23 जनवरी तक होने जा रहे 15वें प्रवासी भारतीय दिवस में शामिल होंगे। इसकी अधिकृत पुष्टि शुक्रवार को केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कर दी। जनरल सिंह ने साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ मिलकर किए जा रहे समारोह में आने वाले करीब 5 हजार प्रवासी भारतीयों को इस बार प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में शामिल होने और 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड को देखने का मौका भी मिलेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से स्वदेश वापसी के उपलक्ष्य में हर साल 9 जनवरी को होने वाले इस आयोजन की तारीखें इस बार प्रवासी भारतीयों के कुंभ मेला और गणतंत्र दिवस में शामिल होने की मांग पर ही बदली गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी आयोजन के पहले दिन होने वाले उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जहां उनके साथ मुख्य अतिथि के तौर पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवीण जुगनॉथ भी मौजूद रहेंगे। तीसरे दिन समापन समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की तरफ से 30 लोगों को प्रवासी भारतीय सम्मान दिए जाएंगे।
कुंभ मेले में शामिल होने के बाद 25 जनवरी को प्रवासी भारतीय ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचेंगे, जहां अगले दिन उन्हें गणतंत्र दिवस परेड दिखाई जाएगी। समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी शामिल होंगे।
बनारस की स्थानीय संस्कृति देखेंगे एनआरआई
जनरल सिंह ने बताया कि प्रवासी भारतीयों को बनारस की प्राचीन धार्मिक और खान-पान की संस्कृति से जोड़ने के लिए ‘वाराणसी आतिथ्य’ के तहत एक नया प्रयोग किया जा रहा है, जिसमें प्रवासी भारतीयों को होटलों के बजाय स्थानीय निवासी अपने घरों में मेहमान के तौर पर रखेंगे।