प्रधानमंत्री मोदी के साथ बिल गेट्स
- फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स के लिए ट्वीट किया और मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड पर दी गई बधाई के लिए आभार जताया। दरअसल, बिल गेट्स ने रविवार को हुए मन की बात के 100वें एपिसोड को लेकर पीएम मोदी को बधाई दी थी। इसे लेकर ही प्रधानमंत्री ने अब गेट्स को जवाब दिया है।
क्या बोले थे माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक?
बिल गेट्स ने 29 अप्रैल को एक ट्वीट में पीएम मोदी के मासिक कार्यक्रम की तारीफ की थी। इसमें उन्होंने कहा था- "मन की बात ने महिलाओं के आर्थिक, सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य मुद्दों पर विकास के क्षेत्र में जागरूक किया है।"
पीएम मोदी क्या बोले?
इस पर पीएम मोदी ने शुक्रिया जताया और कहा, "मन की बात कार्यक्रम के लिए तारीफ पर मैं अपने मित्र बिल गेट्स का धन्यवाद देना चाहता हूं। यह कार्यक्रम पृथ्वी को बेहतर बनाने की भारत के लोगों की सामूहिक भावना को दर्शाता है, जिसके लिए खुद मिस्टर गेट्स जुनूनी हैं। स्व-विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के साथ इसकी प्रतिध्वनि को बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की स्टडी में अच्छे से बताया गया है।"