कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी। खरगे के उस बयान पर जारी हंगामा अभी खत्म भी नहीं हुआ है कि अब उनके बेटे और पूर्व मंत्री प्रियांक खरगे ने भी कुछ ऐसा कह दिया है, जिस पर विवाद हो गया है। दरअसल प्रियांक खरगे ने परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री मोदी को नालायक कह दिया है।
क्या बोले प्रियांक खरगे?
कर्नाटक के गुलबर्गा में बंजारा समुदाय की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियांक खरगे ने कहा कि मालखेड़ा आने पर पीएम मोदी ने बंजारा समाज से कहा था कि बंजारा समाज का बेटा दिल्ली में है लेकिन अगर बेटा नालायक है तो घर कैसे चलेगा? मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियांक खरगे ने कहा कि खुद को बंजारा समुदाय का बेटा बताकर उन्होंने बंजारा समुदाय के लिए ही आरक्षण की समस्या खड़ी कर दी।
बता दें कि कर्नाटक सरकार ने राज्य में आरक्षण को लेकर नई व्यवस्था बनाई है, जिसके चलते बंजारा समुदाय को अपने आरक्षण का हिस्सा कम होने का डर सता रहा है। प्रियांक खरगे ने कहा कि रूपसा अनुबंध संघ ने आपको कई बार पत्र लिखा है लेकिन आपके पास उस पत्र को पढ़ने का समय नहीं है। क्या आपके पास किसानों द्वारा की जा रही आत्महत्या की सूची है? खरगे ने कहा कि अगर आप आलोचना बर्दाश्त नहीं कर सकते तो आपको राजनीति छोड़ देनी चाहिए। खरगे ने सवाल किए कि क्या आपने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को टिकट नहीं दिया? आपने बच्चों के दूध पाउडर चोर को टिकट नहीं दिया?
ये भी पढ़ें-
Karnataka: कर्नाटक चुनाव से पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर दिया विवादित बयान; बवाल बढ़ा तो मांगी माफी
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर जारी है हंगामा
प्रियांक खरगे के विवादित बयान से कुछ ही दिन पहले उनके पिता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीएम मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। कलबुर्गी में एक रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि 'गलती मत कीजिए, पीएम मोदी जहरीले सांप की तरह हैं, अगर आपको लगता है कि यह जहर नहीं है तो इसे चाटकर देखिए, आप हमेशा के लिए सो जाएंगे।' खरगे के इस बयान पर खूब हंगामा हुआ और भाजपा ने कांग्रेस को घेरने की कोशिश की। हालांकि बाद में खरगे ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा की विचारधारा के बारे में टिप्पणी की थी ना कि पीएम मोदी के बारे में।