फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी चुनाव: पीएम मोदी ने कहा- नकली समाजवादियों को सत्ता से दूर रखना जरूरी

Mon, 07 Feb 2022 03:53 AM IST
Jeet Kumar अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।

सार

पीएम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, जिन्हें जनता की आस्था से कभी सरोकार नहीं रहा, उन्हें आज भाजपा को अपार समर्थन मिलता देख अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है। चुनाव देख कर कृष्णभक्ति का चोला ओढ़ने वाले जब सरकार में थे तब इन्हें वृंदावन, गोवर्धन और नंदगांव की याद नहीं आई।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास के लिए नकली समाजवादियों को सत्ता से दूर रखना जरूरी है। कोरोना महामारी ने उत्तर प्रदेश में विकास के कामों को नुकसान पहुंचाया है और अगर भाजपा फिर जीती तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को सुधार के रास्ते पर आगे ले जाएंगे। मोदी ने कहा कि विकास के काम और तेज रफ्तार से होंगे और पिछले दो वर्षों में कोरोना वायरस से प्रदेश को जितनी समस्याएं झेलनी पड़ी हैं, वे सभी दूर होंगी।

विज्ञापन


पीएम ने रविवार को वर्चुअल जनचौपाल के माध्यम से आगरा, मथुरा और बुलंदशहर के मतदाताओं को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि धनबल, बाहुबल, परिवारवाद और संप्रदायवाद की राजनीति करने वालों को उत्तर प्रदेश की जनता का प्यार नहीं मिलेगा। 

पीएम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, जिन्हें जनता की आस्था से कभी सरोकार नहीं रहा, उन्हें आज भाजपा को अपार समर्थन मिलता देख अब सपने में भगवान कृष्ण की याद आने लगी है। चुनाव देख कर कृष्णभक्ति का चोला ओढ़ने वाले जब सरकार में थे तब इन्हें वृंदावन, गोवर्धन और नंदगांव की याद नहीं आई। गौरतलब है कि अखिलेश ने हाल में कहा था कि भगवान कृष्ण रोज उनके सपने में आकर कहते हैं कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है।
विज्ञापन


अखिलेश यादव को नकली समाजवादी करार देते हुए मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का इन लोगों ने जो हाल बना दिया था, वह इन नकली समाजवादियों का कच्चा चिट्ठा है। सरकार में रहते इनका बस एक एजेंडा था, उत्तर प्रदेश को लूटो। इन्हें बस सरकार बनाने और भ्रष्टाचार करने से मतलब था। पीएम ने कहा, पहले की सरकारों और इस सरकार में अंतर स्पष्ट है। अब बेटियां कह रही हैं- पहले हमें घर से निकलने में लगता था डर, भाजपा राज में अपराधी कांपे थर-थर।

अपराधियों के थे हौसले बुलंद
पीएम ने कहा, पहले की सरकार का रिकार्ड  देख लीजिए। राजमार्गों पर महिलाओं-बेटियों के साथ क्या होता था, इसे बुलंदशहर के लोग भलीभांति जानते हैं। अवैध कब्जा, गुंडागर्दी आम बात थी। तब हुए आगरा के दंगों के आरोपियों के सिर पर किसका हाथ था, यह सभी जानते हैं।

भाजपा का ट्रांसफार्मर उड़ जाएगा : अखिलेश
करहल। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को करहल में चुनावी सभा में कहा, इस बार जनता के उत्साह के सामने भारतीय जनता पार्टी का ट्रांसफार्मर उड़ जाएगा। मैं दावे के साथ कह रहा हूं कि भाजपा अपना ट्रांसफार्मर नहीं बचा पाएगी। उधर, आगरा के बाह में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की जीत को देखकर लोगों को फोन कर धमकाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने इस बारे में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन लोगों से कहा कि इन धमकी भरे कॉल्स को रिकॉर्ड करें और प्रदेश में सपा सरकार बनने पर रिकॉर्डिंग के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कर सकती है और लोगों को अंत तक इसका पता नहीं चलता। जैसे कि नोटबंदी के फैसले के बारे में आखिरी वक्त तक पता नहीं चला था।

मुस्लिमों में पैदा की जा रही है दहशत : मायावती
अलीगढ़। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि प्रदेश को जातिवाद, विघटनकारी और तानाशाही शासन से मुक्ति दिलानी है। भारतीय जनता पार्टी आरएसएस के संकीर्ण एजेंडे को लागू कर रही है, जिससे मुस्लिमों में दहशत पैदा हो रही है, जबकि सपा सिर्फ जातिवाद की राजनीति करती है। बसपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने के दौरान मायावती ने कहा कि इन दोनों की पार्टियों के शासन में अपराध की बाढ़ आ गई है। दलितों और अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और उसे जातिवादी और दलित विरोधी करार दिया। 

उत्तराखंड भाजपा को ईसी का नोटिस, 24 घंटे में मांगा जवाब
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता हरीश रावत की तस्वीर से छेड़छाड़ कर ट्वीट करने के मामले में चुनाव आयोग ने उत्तराखंड भाजपा को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। तस्वीर में रावत को एक मौलवी के रूप में दिखाया गया था। शुक्रवार को कांग्रेस ने राज्य चुनाव आयोग से इस मामले की शिकायत की थी। हालांकि शिकायत के बाद इस ट्वीट को हटा दिया गया था, लेकिन चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है। आयोग ने नोटिस में इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना और इसे भावनाएं भड़काने वाला बताया। 

भाजपा ने घोषणापत्र जारी करना टाला
नई दिल्ली। लता मंगेशकर के प्रति सम्मान जताते हुए भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को यूपी चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र को जारी करना स्थगित कर दिया। गृहमंत्री अमित शाह घोषणापत्र जारी करने वाले थे। पार्टी के यूपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि नई तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें