कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की देश के पांच करोड़ गरीबों को बहत्तर हजार रुपये प्रतिवर्ष मदद करने की योजना भाजपा को किस तरह परेशान कर रही है, इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा का हर नेता इसे कांग्रेस का एक और झूठ करार दे रहा है। रविवार को प्रधानमंत्री ने भी इशारों-इशारों में इस योजना पर हमला किया और कहा कि जनता को चुनाव के समय विपक्ष के झूठे वायदों को नहीं सुनना चाहिए, बल्कि इसके स्थान पर उन्हें उन दलों का पूरा पिछला ट्रैक रिकॉर्ड देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक परिवार पिछली चार पीढ़ी से देश से गरीबी हटाने की बात कह रहा है, लेकिन गरीबी नहीं हटी जबकि इसकी मार्केटिंग आज भी जारी है।
दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग चार हजार लोगों को संबोधित किया। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूरे देश से लोग पीएम से जुड़े। लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने हर सवाल के जवाब में अगले पांच साल का खाका खींचते दिखाई पड़े। संभवतः इसके जरिए वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विपक्ष को भी अपनी जीत का यकीन दिलाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल के लिए उनका लक्ष्य देश की आकांक्षाओं को पूरा करने का होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रांड का जादू अब भी बरकरार है। कम से कम भाजपा कार्यकर्ताओं की बात करें तो पीएम के कार्यक्रम में हर दो-तीन मिनट में 'मोदी-मोदी' के नारे लगते रहे और तालियां बजती रहीं। स्टेडियम के चारों ओर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के बीच-बीच में पार्टी के नारे लगाए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दूर-दूर से आये भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत पक्की है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रोहिणी से आईं अनुराधा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी में पूरा हिंदुस्तान एक सच्चाई की झलक देखता है। उनका जादू अब भी लोगों के ऊपर बरकरार है। उन्होंने कहा कि इस बार भी भाजपा सरकार बनाएगी।