कर्नाटक के मैसूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया। इस दौरान पीएम मोदी की गाड़ी पर मोबाइल फोन फेंका गया। मोबाइल पीएम मोदी से कुछ ही दूरी पर गिरा। इसके बाद कर्नाटक पुलिस हरकत में आई और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि युवक पीएम पर फूल फेंक रहा था। इस दौरान उसके हाथ में मोबाइल फोन भी था। उसने गलती से फूल की जगह फोन फेंक दिया।
चार महीने के अंदर तीसरी बार सुरक्षा में चूक
चार महीने के अंदर तीसरी बार पीएम की सुरक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इससे पहले पिछले महीने कर्नाटक दौरे पर गए प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। तब बेंगलुरु के दावणगेरे में पीएम मोदी के रोडशो के दौरान एक शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके पास आने की कोशिश कर रहा था। इससे पहले जनवरी में भी कर्नाटक के हुबली में पीएम मोदी के रोड शो के दौरान एक बच्चा पीएम के करीब आ गया था।