फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तमिलनाडु में बोले मोदी: महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस और डीएमके की संस्कृति

Tue, 30 Mar 2021 02:58 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • केरल के पलक्कड़ में जनसभा को संबोधित किया
  • यूडीएफ और एलडीएफ पर साधा निशाना
  • दूसरी जनसभा के लिए तमिलनाडु के धारापुरम पहुंचे
  • तीसरी रैली दोपहर बाद पुडुचेरी में आयोजित होगी 
विज्ञापन
तमिलनाडु के धारापुरम में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी - फोटो : twitter.com/BJPLive
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर प्रचार का दौर चरम पर है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनावी रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इस अभियान के दौरान उन्होंने केरल के पलक्कड़ में पहली रैली को संबोधित किया। यहां, भाजपा के उम्मीदवार मेट्रोमैन ई श्रीधरन ने पीएम मोदी का स्वागत किया। यहां से प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु के धारापुरम पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ई पलानीस्वामी भी उनके साथ मौजूद हैं।

विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले कुछ दिनों में तमिलनाडु नई विधानसभा के चयन के लिए मतदान करेगा। एनडीए परिवार राज्य के लोगों की सेवा करने के लिए आपसे आशीर्वाद मांगता है। हम बहुमुखी विकास का एजेंडा लेकर आपसे वोट मांग रहे हैं जो एमजीआर और अम्मा जयललिता के आदर्शों पर आधारित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि एक ओर एनडीए का विकास आधारित एजेंडा है तो दूसरी ओर कांग्रेस और डीएमके अपना काम बनाने का एजेंडा लेकर चल रही हैं।
 
'कांग्रेस और डीएमके के पास कुछ भी सकारात्मक नहीं है'
मोदी ने कहा उनके (कांग्रेस और डीएमके के) नेताओं के भाषणों में कुछ भी सकारात्मक नहीं सुनने को मिलता है। वह अपने काम या विजन के बारे में बहुत ही कम बात करते हैं। वह केवल दूसरों का अपमान करने का और झूठ फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इन दिनों कांग्रेस और डीएमके ने अपनी बेकार हो चुकी 2-जी मिसाइल लॉन्च की है। इस 2-जी मिसाइल का एक लक्ष्य है और वह हैं तमिलनाडु की महिलाएं। कुछ दिन पहले यह मिसाइल तमिलनाडु की नारी शक्ति पर हमला करने के लिए यूपीए ने लॉन्च की थी।
विज्ञापन


'महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस-डीएमके की संस्कृति'
मोदी ने कहा, मैं उस जमीन पर हूं जहां के बेटे और बेटियों ने अपने आदर्शों से कभी समझौता नहीं किया और अन्याय के खिलाफ हमेशा लड़े। यहां से मैं कांग्रेस और डीएमको को बताना चाहता हूं कि अपने पार्टी नेताओं को नियंत्रण में रखें। प्रधानमंत्री ने डीएमके और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना दोनों दलों की संस्कृति है। कुछ दिन पहले डीएमके के एमएलए प्रत्याशी डिंडिगुल लियोनी ने महिलाओं पर बेहद शर्मनाक टिप्पणी की थी और डीएमके ने उन्हें रोकने के लिए कुछ भी नहीं किया।

'महिलाओं को सशक्त नहीं कर सकती कांग्रेस व डीएमके'
प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 मार्च 1989 की तारीख को कभी मत भूलिएगा। तमिलनाडु विधानसभा में डीएमके नेताओं ने किस तरह अम्मा जयललिता के साथ व्यवहार किया था? डीएमके और कांग्रेस पार्टी दोनों ही महिला सशक्तिकरण की गारंटी नहीं दे सकती हैं। उनके शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध का ग्राफ बढ़ जाता है। जबकि, हमारा मानना है कि किसी भी समाज की उन्नति बिना महिलाओं के विकास के संभव नहीं है। इसीलिए हमारी सभी योजनाएं नारी शक्ति को ताकत और मजबूती देने लक्ष्य से बनाई गई हैं।

बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की मां की मौत का मुद्दा उठाया
मोदी ने कहा कि कल (सोमवार को) एक बुजुर्ग महिला शोवा मजूमदार की बंगाल में मौत हो गई। हमने देखा कि किस तरह तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने उनपर हमला किया था। यह हमला केवल इसलिए किया गया था क्योंकि उनकी विचारधारा अलग थी। यह घटना लंबे समय तक सुर्खियों में रही। लेकिन क्या कांग्रेस ने इसे लेकर कोई संवेदना प्रकट की? क्या डीएमके और वाम दलों ने इस घटना की निंदा की? प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और द्रमुक दोनों ही राजनीतिक दल महिलाओं का सम्मान करने में विफल रहे हैं।

कोंगू इलाके के लोगों की सराहना की, मदद का आश्वासन
प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कोंगू इलाके के रहने वालो लोगों की उनकी उद्यमी भावना को लेकर सराहना करना चाहता हूं। राज्य के इस हिस्से से आने वाले लोगों ने देश के लिए हमेश संपत्ति बनाई है। पिछले साल के दौरान इस इलाके के लघु, मध्यम और बड़े व्यवसायों ने अपनी राह से हटकर दूसरों की मदद की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार पिछले वर्षों में कई सुधार लेकर आई है। उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वासन देता हूं कि मेरी सरकार और खुद मैं यहां के व्यापार और उद्यमों के विकास के लिए हर संभव मदद करूंगा।

'हमारी प्राथमिकता यहां के छोटे किसानों को मजबूत करना'
मोदी ने कहा कि पिछले साल दिसंबर में उत्पादन से जुड़ी योजना (पीएलआई) पेश की गई थी। तमिलनाडु में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण यहां के लोगों के लिए कई फायदे लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट कांग्रेस और डीएमके यहां कभी व्यापार को उभरने नहीं देंगी। एनडीए की प्राथमिकता छोटे किसानों का हित है। हमारी सरकार ने ऐसे सुधार किए हैं जिससे छोटे किसानों पर से बिचौलियों का दबाव समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि किसानों का हित, व्यापारियों का हित और जनता का हित ही हमारा लक्ष्य है।

'किसानों की मदद के लिए दुरुस्त कर रहे सिंचाई का ढांचा'
पीएम ने कहा कि सॉइल हेल्थ कार्ड (मृदा स्वास्थ्य कार्ड), किसान क्रेडिट कार्ड, ई-नैम जैसी योजनाएं किसानों को सशक्त बनाने के लिए लाई गई हैं। उन्होंने कहा कि 'प्रति बूंद अधिक उपज' के मंत्र के साथ हम किसानों की, उनकी किसानी के तरीकों को बेहतर करने में, मदद कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि पुराने सिंचाई ढांचे को दुरुस्त किया जा रहा है और नए ढांचे बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार ने जल जीवन मिशन शुरू किया है। इसका लक्ष्य सभी घरों तक साफ पानी उपलब्ध करवाना है।
 

एलडीएफ ने थोड़े से सोने के लिए केरल को धोखा दिया: मोदी

केरल के पलक्कड़ में प्रधानमंत्री ने कहा कि कई सालों से केरल की राजनीति का सबसे बुरा रहस्य यूडीएफ और एलडीएफ का समझौता रहा है। अब केरल के मतदाता पहली बार सवाल पूछ रहे हैं कि क्या यह मैच फिक्सिंग है? लोग देख रहे हैं कि किस तरह यूडीएफ और एलडीएफ ने जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि इस बार केरल की जनता एलडीएफ और यूडीएफ की 'मैच फिक्सिंग' को खारिज करने जा रही हैं।

एलडीएफ ने किया केरल के साथ धोखा
मोदी ने कहा, आज मैं आपसे आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं यहां एक ऐसे नजरिए के साथ आया हूं जो केरल की वर्तमान स्थिति से बहुत अलग है। उन्होंने कहा, जुडास ने थोड़ी सी चांदी के लिए ईसा मसीह को धोखा दिया था। उसी तरह,  एलडीएफ ने कुछ सोना पाने के लिए केरल के साथ धोखा किया है। 

उन्होंने कहा, बंगाल में कांग्रेस और लेफ्ट एक हैं, वे दिल्ली में यूपीए-1 के दौरान भागीदार थे। लेफ्ट कांग्रेस को यूपीए-2 तक मुद्दों पर आधारित समर्थन देती रही। लेकिन यहां केरल में चुनावों के दौरान वो एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल के लिए भाजपा की योजना आगे बढ़ने की है। इसी लिए राज्य का पेशेवर समुदाय पूरी तरह से भाजपा का समर्थन कर रहा है। पूरे देश में यह देखा जा सकता है।

केरल में अब FAST विकास का समय
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल में अब तेज (FAST) विकास का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि इसमें एफ मत्स्य पालन और उर्वरकों के लिए है। ए किसानी और आयुर्वेद के लिए है। एस कौशल विकास और सामाजिक न्याय के लिए है और टी पर्यटन व तकनीकी के लिए है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार कृषि और किसानों के हित के लिए कई कदम उठा रही है। कई वर्षों से सरकानों ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन नूल्य) में वृद्धि का दावा तो किया लेकिन इसे पूरा नहीं किया।


उन्होंने कहा कि यह हमारी सरकार थी जिसने किसानों के लिए एमएसपी बढ़ाई। पीएम मोदी ने कहा, केरल में कई प्रतिभावान युवा हैं। हमारी सरकार के कौशल विकास के प्रयास युवाओं को मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ चलाए जा रहे हैं। केंद्र में एनडीए की सरकार बनने के बाद कई आईटीआई का निर्माण किया गया है और कई और आटीआई संस्थानों का निर्माण किया जाना है।

'मेट्रोमैन श्रीधरन केरल के सच्चे बेटे'
मोदी ने कहा, मेट्रोमैन श्रीधरन ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने भारत तो आधुनिक बनाने में और संपर्क बेहतक करने में शानदार काम किया है। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें समाज का हर व्यक्ति पसंद करता है, उन्होंने केरल के विकास के लिए खुद को समर्पित कर दिया है। केरल के सच्चे बेटे के तौर पर वह सत्ता से ऊपर उठकर केरल के हित के लिए सोच रहे हैं।

'एलडीएफ-यूडीएफ की लाठियों से हम नहीं डरते'
प्रधानमंत्री ने कहा, मैं एलडीएफ और यूडीएफ को बताना चाहता हूं कि आपकी लाठियों से हम डरने वाले नहीं हैं। आप हमारी संस्कृति का आपमान करेंगे तो हम शांत नहीं बैठेंगे। हमारे राज्य प्रमुख सुरेंद्रन को गिरफ्तार किया गया और केरल सरकार ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया। उनका अपराध क्या था? क्या ये उनका अपराध था कि उन्होंने केरल की परंपराओं के बारे में बात की?

'तकनीकी को बनाएंगे केरल के विकास का आधार'
उन्होंने कहा कि केरल और पर्यटन, दोनों बहुत करीबी से जुड़े हुए हैं। दुर्भाग्यवश एलडीएफ और यूडीएफ ने यहां पर्यटन के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए कोई काम नहीं किया। हम यहां तकनीकी को विकास का आधार बनाना चाहते हैं। जब हम संपर्क और सड़कें बनाने पर काम करेंगे तो पर्यटन में अपने आप ही तेजी आएगी। पिछले सात साल में भारत ने पर्यटन के क्षेत्र में अपनी स्थिति काफी बेहतर की है।

इससे पहले ई श्रीधरन ने कहा, मैंने इस विधानसभा क्षेत्र के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है जिसमें 24 घंटे पानी आपूप्ति, ठोस और प्रभावी कूड़ा प्रबंधन शामिल है। मैं अगले पांच साल में 25 लाख पौधरोपण कर इलाके को एक हरित कवर देना चाहता हूं। बता दें कि श्रीधरन पलक्कड़ से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
विज्ञापन

तीनों राज्यों में छह अप्रैल को होगा मतदान

बता दें कि केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक ही चरण में छह अप्रैल को मतदान होना है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। वहीं, पुडुचेरी में 30 सीटों पर मतदान होगा। सभी राज्यों में मतगणना दो मई को होगी और इसी दिन परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें