प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की सराहना की। संगठन के स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि यह संगठन देश में वैज्ञानिक अनुसंधान एवं इनोवेशन को बढ़ावा देने में अग्रणी रहा है।
उन्होंने ट्वीट किया कि सीएसआईआर कोविड-19 के खिलाफ जंग में भी अहम भूमिका निभा रहा है। सीएसआईआर से जुड़े सभी लोगों को स्थापना दिवस की बधाई और भावी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि वैज्ञानिक समुदाय ने देश के समक्ष आने वाली हर चुनौती को आगे बढ़कर स्वीकार किया और इसे अवसर में तब्दील किया। वैज्ञानिकों ने समाज के लिए काफी कुछ दिया और कई तरीकों से कठिनाइयों को दूर करने में मदद की है।
सीएसआईआर के 79वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान, संगठन के वैज्ञानिकों ने वेंटिलेटर और पीपीई किट तैयार करने में अहम योगदान दिया। संगठन ने ही अन्य बीमारियों की दवाओं के कोविड-19 के लिए इस्तेमाल जैसे प्रोजेक्ट शुरू किए।
उन्होंने सीएसआईआर से युवा वैज्ञानिकों के लिए एक बौद्धिक सत्र आयोजित करने को कहा जिसमें उन्हें बताया जाए कि कैसे देश आत्मनिर्भर भारत बन सकता है।