प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के माध्यम से देश को संबोधित किया। यह इस कार्यक्रम का 91वां एपिसोड था। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, इस बार ‘मन की बात’ बहुत खास है। इसका कारण है इस बार का स्वतंत्रता दिवस। जब भारत अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे करेगा। हम सभी बहुत अद्भुत और ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे। ईश्वर ने ये हमें बहुत बड़ा सौभाग्य दिया है।
ऊर्जा का बड़ा स्त्रोत हैं मेले
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मेले अपने आप में हमारे समाज जीवन की ऊर्जा का बहुत बड़ा स्त्रोत होते हैं। आपके आस-पास भी ऐसे ही कई मेले होते होंगे। आधुनिक समय में समाज की ये पुरानी कड़ियां ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के लिए बहुत ज़रूरी हैं। हमारे युवाओं को इनसे जरुर जुड़ना चाहिए और आप जब भी ऐसे मेलों में जाएं, वहां की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर करें।
फीफा अंडर-17 महिला विश्वकप की मेजबानी करेगा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा, चेन्नई में 44वें चेस ओलंपियाड की मेजबानी करना भी भारत के लिए बड़े ही सम्मान की बात है। यूके में राष्ट्रमंडल खेलों की भी शुरुआत हुई। युवा जोश से भरा भारतीय दल वहां देश का प्रतिनिधत्व कर रहा है। मैं सभी खिलाड़ियों को देशवासियों की ओर से शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा, मुझे इस बात की भी खुशी है कि भारत फीफा अंडर-17 महिला विश्वकप की भी मेजबानी करने जा रहा है | यह टूर्नामेंट अक्तूबर के आस-पास होगा, जो खेलों के प्रति देश की बेटियों का उत्साह बढ़ाएगा