प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा में 160 करोड़ की दो मछली पालन परियोजनाओं की वर्चुअली आधारशिला रखी। संबलपुर में एक्वा पार्क और भुवनेश्वर में आधुनिक मछली बाजार शामिल हैं। मुख्यमंत्री माझी ने इसे राज्य के लिए मील का पत्थर बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा को एक बड़ी सौगात दी है। इसके तहत पीएम मोदी ने ओडिशा में करीब 160 करोड़ रुपये की दो बड़ी मछली पालन (मत्स्य) परियोजनाओं की वर्चुअली आधारशिला रखी। ये आयोजन दिल्ली से हुआ, जहां उन्होंने 24,000 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएम-डीडीकेवाई) और 11,440 करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर दाल मिशन की भी शुरुआत की।
ओडिशा के दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इसके तहत 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला एकीकृत एक्वा पार्क, जो संबलपुर जिले के बसंतपुर में स्थापित होगा और 59.13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक मछली बाजार, जो भुवनेश्वर के पंडारा इलाके में बनेगी। बता दें कि इस कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उप मुख्यमंत्री केवी सिंह देव और अन्य अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
क्या बोले सीएम माझी?
इस दौरान मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि भुवनेश्वर में बनने वाली मछली बाजार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (पीएमएमएसवाई) के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है। इसमें केंद्र सरकार 30 करोड़ रुपये और राज्य सरकार बाकी राशि देगी। यह परियोजना भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) और राज्य सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सहयोग से पूरी की जाएगी।
एक्वा पार्क के लिए 95.47 एकड़ सरकारी जमीन तैयार
वहीं, संबलपुर के हिराकुंड में बनने वाला एक्वा पार्क 95.47 एकड़ सरकारी ज़मीन पर तैयार किया जाएगा। इसमें केंद्र सरकार 60 करोड़ और राज्य सरकार 40 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि यह पूर्वी भारत का पहला एक्वा पार्क होगा और इसे जनवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा। यह परियोजना संबलपुर को आधुनिक मत्स्य पालन का उत्कृष्ट केंद्र बनाएगी।