फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जैसलमेर में जवानों के साथ पीएम की दिवाली, टैंक पर सवार हुए मोदी

Sat, 14 Nov 2020 02:53 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर

खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी दिवाली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाने के लिए राजस्थान के जैसलमेर पहुंचे। यहां पर उन्होंने जवानों संग दिवाली मनाई। पीएम मोदी के साथ इस बार चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे और बीएसएफ के डीजी राकेश अस्थाना मौजूद रहे। जैसलमेर की लोंगेवाला पोस्ट पर जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की सीमा की सुरक्षा करने से रोक नहीं सकती है। वहीं, इसके बाद पीएम मोदी जैसलमेर एयरबेस पहुंचे और उन्होंने यहां पर भी जवानों को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने टैंक की सवारी भी की। 
विज्ञापन
टैंक की सवारी करते हुए पीएम मोदी - फोटो : social media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:41 PM, 14-Nov-2020

पीएम मोदी ने संग्रहालय केंद्र का दौरा किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसलमेर के लोंगेवाला पोस्ट पर संग्रहालय केंद्र का दौरा किया।
 
 

02:32 PM, 14-Nov-2020

पीएम मोदी ने जवानों को बांटी मिठाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसलमेर में जवानों संग दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने जवानों को मिठाई भी बांटी। 
 

 

02:30 PM, 14-Nov-2020

पीएम मोदी ने जवानों को श्रद्धांजलि दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसलमेर की लोंगेवाला पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
 

विज्ञापन
02:26 PM, 14-Nov-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसलमेर के लोंगेवाला में सेना के एक टैंक की सवारी करते हुए। वह जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए यहां पहुंचे हैं। 
 

 

02:21 PM, 14-Nov-2020

बेहतर समन्वय के लिए सीडीएस के पदानुक्रम को शामिल किया गया

प्रधानमंत्री ने कहा, भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और उसके सैनिकों को उपकरणों के प्रावधान के लिए एक बड़ी बाधा लाल फीताशाही थी। अब प्रक्रिया को सरल बना दिया गया है। इस बेहतर समन्वय के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ को सशस्त्र बलों के पदानुक्रम में शामिल किया गया है। 

विज्ञापन
02:20 PM, 14-Nov-2020

दुश्मनों के साथ आपदाओं से निपटने में भी आगे सुरक्षा बल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भारतीय सशस्त्र बल दुश्मनों से निपटने में सक्षम हैं। साथ ही आपदाओं के दौरान लोगों की मदद करने में वे सबसे आगे हैं। कोविड के कारण दूसरे देशों में फंसे लोगों को बचाने में वायुसेना और नौसेना द्वारा निभाई गई भूमिका सराहनीय है। 

उन्होंने कहा, भारतीय सशस्त्र बलों ने कोरोना महामारी के दौरान युद्धस्तर पर काम किया और देश में मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट, चिकित्सा उपकरण और अस्पतालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर योगदान दिया। 

02:18 PM, 14-Nov-2020

सुरक्षा तंत्र में वुमेन पावर को व्यापक किया जा रहा 

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, आज जिस प्रकार दूसरे क्षेत्रों में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है उसी तरह हमारे सुरक्षा तंत्र में भी वुमेन पावर की भूमिका को और व्यापक किया जा रहा है। 

02:17 PM, 14-Nov-2020

पिछले कुछ महीनों में बढ़ी देश की सामरिक ताकत

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कोरोना काल में वैक्सीन बनाने का प्रयास कर रहे वैज्ञानिकों के साथ ही मिसाइलें बनाने वाले वैज्ञानिकों ने देश का ध्यान खींचा है। इस दौरान निरंतर मिसाइलों के टेस्टिंग की खबरें आती रहीं। आप कल्पना कर सकते हैं कि बीते कुछ महीनों में ही देश की सामरिक ताकत कितनी ज्यादा बढ़ गई है। 
 

02:15 PM, 14-Nov-2020

सेना एक लाख युवाओं को कर रही तैयार

पीएम मोदी ने कहा, रक्षा क्षेत्र में सुधारों पर गंभीरता से काम किया जा रहा है। आज, देश की सेना अन्य बड़े देशों के साथ सैन्य अभ्यास में लगी हुई है। आतंक के खिलाफ रणनीतिक साझेदारी की जा रही है। उन्होंने कहा, सेना एक लाख युवाओं को तैयार कर रही है। सीमावर्ती इलाकों में जवानों की विशेष ट्रेनिंग की जा रही है। 

02:11 PM, 14-Nov-2020

कोरोना के बीच आठ राफेल सुरक्षा कवच बने

प्रधानमंत्री ने कहा, हमने कोरोना संकट के दौरान वुहान में फंसे अपने नागरिकों को निकाला और उन्हें सकुशल स्वदेश वापस लाए। कोरोना काल में कई मिसाइलों का परीक्षण भी किया गया। उन्होंने कहा, कोरोना काल में देश की सुरक्षा के लिए आठ राफेल सुरक्षा कवच बनकर वायुसेना में शामिल हुए। 

02:06 PM, 14-Nov-2020

कोरोना संकट में सेना की भूमिका अहम

पीएम मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, कोरोना संकट की इस घड़ी में सेना ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संकट की इस घड़ी में सेना की भूमिका अहम रही है। उन्होंने कहा, मित्र देशों की मदद के लिए वायुसेना आगे आई। 

02:03 PM, 14-Nov-2020

जवानों के पराक्रम से देश जगमग

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, जवानों के पराक्रम से देश जगमग है। जवान राष्ट्र की सीमा और द्वार होते हैं। उन्होंने कहा, सेना के हमारे जवान दुश्मन को उसी की भाषा में मुंहतोड़ जवाब देते हैं। सीमा पर जवान राष्ट्र की सुरक्षा के लिए तैनात हैं। 

02:01 PM, 14-Nov-2020

भारतीय जवान कहीं भी, कभी भी आतंकी ठिकानों पर हमला करने में सक्षम

पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर हमला बोलते हुए कहा, हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए रणनीतिक साझेदारी में लगे हुए हैं। भारतीय सशस्त्र बलों ने दिखाया है कि वे कहीं भी, कभी भी आतंकवादी ठिकानों पर हमला कर सकते हैं। 

01:54 PM, 14-Nov-2020

शुभ-लाभ और रिद्धि-सिद्धि सेना से: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, दीपावली के दिन दरवाजे या गेट के सामने शुभ-लाभ या रिद्धि-सिद्धि आदि रंगोली की परंपरा है। इसके पीछे यही सोच होती है कि दीपावली पर स्मृद्धि आए। वैसे ही राष्ट्र की सीमाएं एक प्रकार से देश का द्वार होती हैं। ऐसे में राष्ट्र की स्मृद्धि, शुभ-लाभ और रिद्धि-सिद्धि आपसे (सेना) है। 

01:50 PM, 14-Nov-2020

जैसलमेर एयरबेस पर जवानों को संबोधित कर रहे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसलमेर एयरबेस पर जवानों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, अगर कोई हम पर बुरी नजर डालता है, तो हमारे सैनिक उन्हें मुंहतोड़ जवाब देते हैं। यह विश्व में भारतीय सेना की विश्वसनीयता स्थापित करता है। आज, देश की सेना अन्य बड़े देशों के साथ सैन्य अभ्यास में लगी हुई है। 

12:04 PM, 14-Nov-2020

पीएम मोदी ने जवानों से किए तीन आग्रह

प्रधानमंत्री ने जवानों से तीन आग्रह किए। पीएम मोदी ने कहा, आज के दिन मैं आपसे तीन आग्रह और करना चाहता हूं। पहला- कुछ न कुछ नया नया करने की आदत को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाइए। आजकल कई जगहों पर हमारे जवान महत्वपूर्ण इनोवेशंस कर रहे हैं। दूसरा- योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाए रखिए। तीसरा- अपनी मातृभाषा, हिंदी और अंग्रेजी के अलावा, कम से कम एक भाषा जरूर सीखिए। आप देखिएगा, ये बातें आपमें एक नई ऊर्जा का संचार करेंगी। 

12:01 PM, 14-Nov-2020

महामारी के बीच नागरिक की जीवन रक्षा में जुटा देश

जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपसे मिली इसी प्रेरणा से देश महामारी के इस कठिन समय में अपने हर नागरिक के जीवन की रक्षा में जुटा हुआ है। इतने महीनों से देश अपने 80 करोड़ नागरिकों के भोजन की व्यवस्था कर रहा है। लेकिन इसके साथ ही, देश, अर्थव्यवस्था को वापस गति देने का भी पूरे हौसले से प्रयास कर रहा है। 

12:00 PM, 14-Nov-2020

आपके त्याग से देश में विश्वास

प्रधानमंत्री मोदी ने जवानों से कहा, सीमा पर रहकर आप जो त्याग करते हैं, तपस्या करते हैं, वो देश में एक विश्वास पैदा करता है। ये विश्वास होता है कि मिलकर बड़ी से बड़ी चुनौती का मुकाबला किया जा सकता है। 
 

11:57 AM, 14-Nov-2020

भारत की नीति समझने-समझाने की, आजमाने पर मिलता है मुंहतोड़ जवाब

पीएम मोदी ने दुश्मन देशों को चेतावनी देते हुए कहा, आज भारत की रणनीति साफ है, स्पष्ट है। आज का भारत समझने और समझाने की नीति पर विश्वास करता है लेकिन अगर हमें आजमाने की कोशिश होती है तो, जवाब भी उतना ही प्रचंड मिलता है। 

11:54 AM, 14-Nov-2020

डिफेंस सेक्टर में स्टार्ट-अप्स देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे

पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत को लेकर कहा, मैं आज देश के नौजवानों से देश की सेनाओं के लिए निर्माण करने का आह्वान करता हूं। हाल के दिनों में अनेक स्टार्ट्स-अप्स सेनाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए आगे आए हैं। डिफेंस सेक्टर में नौजवानों के नए स्टार्ट-अप्स देश को आत्मनिर्भरता के मामले में और तेजी से आगे ले जाएंगे। 

11:54 AM, 14-Nov-2020

सेना के विदेशों से हथियार नहीं खरीदने पर लोकल फॉर वोकल को मिलेगी प्रेरणा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हाल ही में हमारी सेनाओं ने निर्णय लिया है कि वो 100 से ज्यादा हथियारों और साजो-सामान को विदेश से नहीं मंगवाएगी। मैं सेनाओं को इस फैसले के लिए बधाई देता हूं। सेना के इस फैसले से देशवासियों को भी लोकल के लिए वोकल होने की प्रेरणा मिली है। 

11:51 AM, 14-Nov-2020

चीन पर साधा निशाना, कहा- दुनिया विस्तारवादी ताकतों से परेशान

चीन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान हैं। विस्तारवाद, एक तरह से मानसिक विकृति है और अठ्ठारहवीं शताब्दी की सोच को दर्शाती है। इस सोच के खिलाफ भी भारत प्रखर आवाज बन रहा है। 

11:50 AM, 14-Nov-2020

भारत अपने हितों से नहीं करता समझौता

जवानों से पीएम मोदी ने कहा, आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है। भारत का ये रुतबा, ये कद आपकी शक्ति और आपके पराक्रम के ही कारण है। आपने देश को सुरक्षित किया हुआ है इसीलिए आज भारत वैश्विक मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है। 

11:47 AM, 14-Nov-2020

सतर्कता ही सुरक्षा की राह: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भले ही अंतरराष्ट्रीय सहयोग कितना ही आगे क्यों न आ गया हो, समीकरण कितने ही बदल क्यों न गए हों, लेकिन हम कभी नहीं भूल सकते कि सतर्कता ही सुरक्षा की राह है, सजगता ही सुख-चैन का संबल है। सामर्थ्य ही विजय का विश्वास है, सक्षमता से ही शांति का पुरस्कार है। 

11:44 AM, 14-Nov-2020

दुनिया की कोई ताकत हमारे जवानों को सीमा की सुरक्षा करने से नहीं रोक सकती

लोंगेवाला में पीएम मोदी ने जवानों से कहा, दुनिया की कोई भी ताकत हमारे वीर जवानों को देश की सीमा की सुरक्षा करने से रोक नहीं सकती है। दुनिया का इतिहास हमें ये बताता है कि केवल वही राष्ट्र सुरक्षित रहे हैं, वही राष्ट्र आगे बढ़े हैं जिनके भीतर आक्रांताओं का मुकाबला करने की क्षमता थी। 

11:41 AM, 14-Nov-2020

हर चुनौती पर आपकी वीरता भारी पड़ी

जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हिमालय की बुलंदियां हों, रेगिस्तान का विस्तार हो, घने जंगल हों या फिर समंदर की गहराई हो, हर चुनौती पर हमेशा आपकी वीरता भारी पड़ी है। आपके इसी शौर्य को नमन करते हुए आज भारत के 130 करोड़ देशवासी आपके साथ मजबूती से खड़े हैं। आज हर भारतवासी को अपने सैनिकों की ताकत और शौर्य पर गर्व है। उन्हें आपकी अजेयता पर, आपकी अपराजेयता पर गर्व है। 

11:37 AM, 14-Nov-2020

आप कहीं भी रहें, आपके बीच आकर पूरी होती है दिवाली

पीएम मोदी ने कहा, आप भले बर्फीली पहाड़ियों पर रहें या फिर रेगिस्तान में, मेरी दीवाली तो आपके बीच आकर ही पूरी होती है। आपके चेहरों की रौनक देखता हूं, आपके चेहरे की खुशिया देखता हूं, तो मुझे भी दोगुनी खुशी होती है। 

11:33 AM, 14-Nov-2020

जवानों से कहा- आपके लिए प्यार लेकर आया हूं

जवानों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, मैं आज आपके बीच प्रत्येक भारतवासी की शुभकामनाएं लेकर आया हूं, आपके लिए प्यार लेकर आया हूं, आशीष लेकर आया हूं। मैं आज उन वीर माताओं-बहनों और बच्चों को भी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, उनके त्याग को नमन करता हूं, जिनके अपने सरहद पर हैं। 

11:32 AM, 14-Nov-2020

पीएम मोदी जवानों कर रहे हैं संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर बार की तरह इस बार भी दिवाली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाने के लिए राजस्थान के जैसलमेर पहुंच गए हैं। यहां पर पीएम मोदी जवानों को संबोधित कर रहे हैं। 

09:01 AM, 14-Nov-2020

जैसलमेर में जवानों के साथ पीएम की दिवाली, टैंक पर सवार हुए मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, प्रधानमंत्री बनने के बाद से हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी दिवाली का त्योहार सैनिकों के साथ मनाने के लिए राजस्थान के जैसलमेर पहुंच गए हैं। पीएम मोदी के साथ इस बार चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे और बीएसएफ के डीजी राकेश अस्थाना मौजूद हैं। 



जैसलमेर में भारत और पाकिस्तान की सीमा मिलती है। यहां पर सीमा की सुरक्षा के लिए बीएसएफ के जवान तैनात रहते हैं। इसके अलावा, यहां पर प्रसिद्ध तनोट माता का मंदिर भी है। पीएम मोदी दिवाली मनाने के लिए जैसलमेर के लोंगेवाला सीमा पर पहुंचे हैं। लोंगेवाला मूल रूप से बीएसएफ का एक पोस्ट है।


लोंगेवाला वही जगह है, जहां पर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में 120 भारतीय शूरवीरों ने पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसके कई टैंक टुकड़ियों को नेस्तनाबूद कर दिया था। इसे दुनिया के सबसे भयानक टैंक युद्धों में से एक माना जाता है। बता दें कि पीएम मोदी ने 2014 में कार्यभार संभालने के बाद से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू कश्मीर के अग्रिम इलाकों में सैनिकों के साथ समय गुजारते हुए दिवाली मनाई है।  

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली की पूर्व संध्या पर देश की जनता से आग्रह किया कि वह इस त्योहार सैनिकों के नाम का एक दीया जरूर जलाएं। पीएम ने ट्वीट कर कहा, 'इस दिवाली, आइए एक दिया सैल्यूट टू सोल्जर्स (सैनिकों को सलाम) के तौर पर भी जलाएं। सैनिकों के अद्भुत साहस को लेकर हमारे दिल में जो आभार है उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। हम सीमा पर तैनात जवानों के परिवारों के भी आभारी हैं।'

दिवाली मनाने अब तक कहां-कहां गए पीएम मोदी
  • पिछले साल दिवाली के मौके पर पीएम मोदी जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पहुंचे। यहां पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सैनिकों को मिठाई खिलाकर दिवाली की शुभकामनाएं दीं। 
  • साल 2018 में दिवाली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी का दौरा किया। यहां पर पीएम मोदी ने आईटीबीपी जवानों के संग दिवाली मनाई। पीएम ने जवानों को मिठाई खिलाई और उनका हौसला बढ़ाया। 
  • साल 2017 में दिवाली के पावन मौके पर प्रधानमंत्री मोदी जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में पहुंचे। यहां पर पीएम ने बीएसएफ और सेना के जवानों संग रोशनी के त्योहार को मनाया। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को कड़ा संदेश भी दिया था। 
  • 2016 में दिवाली मनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश के आर्मी और डोगरा स्काउट्स पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाई और उन्हें संबोधित किया। 
  • साल 2015 में पीएम मोदी ने पंजाब में भारतीय सेना के जवानों के बीच दीवाली मनाई थी। इस दौरान उन्होंने 1965 युद्ध के वॉर मेमोरियल जाकर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया था। 
  • 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने पर पीएम नरेंद्र मोदी दिवाली मनाने सियाचिन गए। यहां उन्होंने जवानों संग दिवाली का त्योहार मनाया।  
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें