प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा, 21वीं सदी के विश्व का भविष्य तय करने में ऊर्जा क्षेत्र की बहुत बड़ी भूमिका है। नए संसाधनों को विकसित करने में ऊर्जा परिवर्तन में भारत विश्व की सबसे मजबूत आवाजों में से एक है। विकसित बनने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे भारत में ऊर्जा क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व संभावनाएं बन रही हैं। भारत के ऊर्जा क्षेत्र में 2030 तक क्रांति आएगी।
सोलर कुकटॉप लॉन्च : मोदी ने कहा, आज जो सोलर कुकटॉप लॉन्च किया गया है, वो भारत में ग्रीन एंड क्लीन कुकिंग को नए आयाम दे रहा है। उम्मीद है कि अगले 2-3 साल में ही तीन करोड़ से अधिक घरों में सोलर कुकटॉप की पहुंच बन जाएगी। इससे एक तरह से भारत किचन में क्रांति आने का काम करेगा।
11 राज्यों में 20% एथेनॉल वाले पेट्रोल ‘ई-20’ की बिक्री शुरू
पीएम मोदी ने 11 राज्यों में 20 फीसदी एथेनॉल वाले पेट्रोल ‘ई-20’ की बिक्री शुरू की। इसके तहत 11 राज्यों के 84 पेट्रोल पंपों पर ई-20 मिलेगा। इसका उद्देश्य उत्सर्जन में कटौती, विदेशी मुद्रा-निकासी आयात पर निर्भरता घटाने व जैव ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है। ई-20 पेट्रोल को पहले अप्रैल में लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन पीएम ने दो महीने पहले ही इसे लॉन्च कर दिया। वर्तमान में, पेट्रोल में 10 फीसदी एथेनॉल मिलाया जाता है। मोदी ने कहा, हमने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को डेढ़ (2014 में) से बढ़ाकर 10 फीसदी तक कर दिया। अब पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनाॅल मिलाने की योजना है।
2030 तक ‘एक राष्ट्र एक ग्रिड’ के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा हमारे पास होगा
पीएम ने कहा, हम 2030 तक अपने ऊर्जा मिश्रण में प्राकृतिक गैस की खपत को बढ़ाने के लिए भी मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। इसे छह फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक एक राष्ट्र एक ग्रिड ये विजन के लिए सभी जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा।
बायो एनर्जी में तेजी से आगे बढ़ रहे
मोदी ने कहा, बायो एनर्जी के क्षेत्र में भी हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पिछले साल अगस्त में हमने एशिया की पहली 2जी इथेनॉल बायो-रिफाइनरी की स्थापना की। हमारी तैयारी इस तरह के 12 कमर्शियल 2जी एथेनॉल संयंत्र बनाने की है।
आईएमएफ रिपोर्ट में भारत का बोलबाला
पीएम ने कहा, हाल ही में आईएमएफ ने 2023 के लिए विकास अनुमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि भारत, तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था रहने वाला है। महामारी और युद्ध के प्रभाव के बावजूद 2022 में भारत एक वैश्विक उज्ज्वल स्थल बना है। आईएमएफ की रिपोर्ट के मुताबिक, बाहरी हालात कैसे भी रहें भारत ने आंतरिक लचीलेपन की वजह से हर चुनौती को पार किया है। इसके पीछे तीन प्रमुख कारक थे। पहला स्थिर निर्णायक सरकार, दूसरा निरंतर सुधार और तीसरा जमीनी स्तर पर सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण।
घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर
मोदी ने कहा, आज भारत का पूरा ध्यान घरेलू अन्वेषण और उत्पादन को बढ़ावा देने पर है। ई एंड पी सेक्टर ने उसी विस्तार में अपना हित दिखाया है, जो दुर्गम समझ में आ गया था। हमने ‘नो-गो’ क्षेत्रों में कमी की है। इससे 10 लाख वर्ग किमी क्षेत्र नो-गो के पाबंदियों से मुक्त हो गया है।
मोदी के विजन पर तेल-ऊर्जा क्षेत्र के दिग्गजों को भरोसा
बंगलूरू। भारत ऊर्जा सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनियाभर की प्रमुख ऊर्जा व तेल कंपनियों के सर्वोच्च अधिकारियों से बातचीत की। उन्हें नए ऊर्जा क्षेत्रों, इन्हें लेकर भारत में हो रहे कामों व अपने विजन के बारे में बताया। ऊर्जा क्षेत्र के दिग्गजों ने भी मोदी के विजन और भारत की क्षमता पर विश्वास जताया है। ब्यूरो
भारत सबसे आकर्षक देश
मुझे कोई शक नहीं कि भारत इस समय तेल व गैस की खोज व उत्पादन के लिए सबसे आकर्षक जगह है। पीएम मोदी ने भारत के ऊर्जा सप्ताह आयोजन को संबोधित किया, उनसे मिलना जबरदस्त रहा। -अनिल अग्रवाल, चेयरमैन, वेदांता
विश्व को अहम संकेत दिए
भारत दुनिया को महत्वपूर्ण संकेत दे रहा है। यह पीएम मोदी द्वारा ऊर्जा परिवर्तन प्रक्रिया के लिए दिए गए दिशानिर्देशों से कम महत्वपूर्ण नहीं है। एक विचार को बेचने और ऊर्जा की न्यायोचित उपलब्धता के लिए लड़ने की उनकी क्षमता का मैं कायल हूं। -टीएम तौफीक, अध्यक्ष व समूह सीईओ, पेट्रोनस
हाइड्रोकार्बन के लिए भारत का रोडमैप शानदार
सभी को ऊर्जा मिले, इसके लिए हमें हाइड्रोकार्बन की जरूरत है, यह मनवाने और इस क्षेत्र को टिकाऊ बनाने के लिए भारत ने रोडमैप देकर शानदार काम किया है। इस विषय पर भारत जितना समर्पित और निर्णायक कोई देश नहीं है। -ओक्टावियो सिमोस, अध्यक्ष व सीईओ, टेल्यूरियन इंक
ओपेक है भारत के साथ
पीएम मोदी से मिलना सम्मान की बात थी। ऊर्जा सुरक्षा, इसे सभी की खरीद क्षमता व पहुंच में लाना उनके विजन को वास्तविकता में बदलने के लिए महत्वपूर्ण बातें हैं। -हैथम अल गैस, महासचिव, ओपेक
दुनिया के लिए भारत का आकर्षण समझ आया
यहां मैंने 3 बातें जानीं। नई ऊर्जा की जरूरत, इसे लेकर उद्योगों की दृढ़ता और दुनिया के लिए स्थानीय मांग व भारत का आकर्षण। हम यहां इंडियन ऑयल के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर करने आए हैं। -मोनिका, चेयरपर्सन, एसएनएएम
पीएम मोदी कर रहे नेतृत्व
पीएम मोदी खुद नेतृत्व कर रहे हैं, हमें मार्गदर्शन दे रहे हैं, ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी वैश्विक कंपनियों को उनकी विचार प्रक्रिया और समाधानों के साथ भारत ला रहे हैं। यह भारत के लिए स्वागत योग्य है। -वर्तिका शुक्ला, सीएमडी, इंजीनियर्स इंडिया लि.
बदलावों की अगुवाई कर रहा भारत
कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए पीएम मोदी के विजन और नीतियों को हम सभी ने समर्थन दिया है। भारत ऊर्जा को लेकर हो रहे बदलावों का नेतृत्व भी कर रहा है। -विलियम ली, एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, ब्रिटिश पेट्रोलियम
सभी की नजरें भारत पर : प्रमुख कंपनियों के अधिकरियों ने अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से मिले सुझावों को सराहा। सभी की नजर भारत के कार्बन उत्सर्जन घटाने के काम पर है। -रंजीत रथ, सीएमडी, ऑयल इंडिया
जलवायु परिवर्तन के समाधान में भारत मददगार
विश्व के जलवायु परिवर्तन संकट को भारत अपनी तकनीक और ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार के लिए हो रहे निवेश से सुलझा सकता है। पीएम मोदी को सुनना सुखद था। -जोसफ मैकमोनिगल, महासचिव, इंटरनेशनल एनर्जी फोरम
10% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य निर्धारित किया: पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2022 के अंत तक 10% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य निर्धारित किया, हमने इस लक्ष्य को 5 महीने पहले हासिल कर लिया। हमने E20 ब्लेंडेड पेट्रोल की उपलब्धता को 2025 तक बढ़ा दिया है।
नंबर-1 इलेक्ट्रॉनिक वाहन निर्माण करना लक्ष्य: बोम्मई
कर्नाटक CM बसवराज बोम्मई ने कहा कि अगले 5 वर्ष नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन और अमोनिया सहित ऊर्जा के नए अवतारों के उत्पादन के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाले हैं... हमारा लक्ष्य देश में नंबर-1 इलेक्ट्रॉनिक वाहन निर्माण करना है और हमारे पास इलेक्ट्रॉनिक वाहन नीति भी है जो निवेशकों के अनुकूल है।
आठ फरवरी तक चलेगा भारत ऊर्जा सप्ताह
भारत ऊर्जा सप्ताह (IEW) 2023 आठ फरवरी तक बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। इसका मकसद ऊर्जा परिवर्तन के केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती ताकत को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक और गैर पारंपरिक ऊर्जा उद्योग, सरकार के प्रतिनिधि और विशेषज्ञ एक मंच पर आएंगे और ऊर्जा परिवर्तन के समक्ष चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने 20 प्रतिशत एथनॉल के साथ मिश्रित पेट्रोल भी लॉन्च किया। अब 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 84 खुदरा पेट्रोल पंपों पर E20 ईंधन (E20 fuel) की बिक्री शुरू हो जाएगी। E20 पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत एथनॉल का मिश्रण है।
जानकारी के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य 2025 तक एथनॉल के पूर्ण 20 प्रतिशत सम्मिश्रण को प्राप्त करना है। इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए तेल विपणन कंपनियां 2G-3G इथेनॉल संयंत्र स्थापित कर रही हैं। भारत ने 2025 तक पेट्रोल में 20 फीसदी एथनॉल मिलाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन उसे दो साल पहले ही हासिल कर लिया।
ग्रीन मोबिलिटी रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में ग्रीन मोबिलिटी रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें स्वच्छ ईंधन के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए स्वच्छ ईंधन से चलने वाले वाहन शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'इंडिया डिजिटल एक्सपीरियंस सेंटर' की प्रदर्शनी का दौरा भी किया।
हेलिकॉप्टर फैक्टरी देश को की समर्पित
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के ही तुमकुरु में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के हेलिकॉप्टर फैक्टरी को भी राष्ट्र को समर्पित किया। इस फैक्टरी की आधारशिला भी उन्होंने ही 2016 में रखी थी। यह समर्पित ग्रीनफील्ड हेलिकॉप्टर फैक्टरी है। यह एशिया की सबसे बड़ी हेलिकॉप्टर फैक्टरी भी है, जिससे हाल के हेलिकॉप्टर निर्माण क्षमता को मजबूती मिलेगी।