प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और देश के लोगों को एक निजी पत्र में ईद-उल-अजहा की बधाई दी। इस बीच, गुजरात और राजस्थान से सटी पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रविवार को अलग ही नजारा देखने को मिला। भारत और पाकिस्तान के सैनिकों ने ईद-उल-जुहा के मौके पर एक-दूसरे को मिठाइयां बांटी और शुभकामनाएं दी। इस दौरान काफी सौहार्दपूर्ण एवं दोस्ताना माहौल दिखा। बीएसएफ की तरफ से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
बीएसएफ ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा है कि सीमा सुरक्षा बल गुजरात फ्रंटियर ने गुजरात और राजस्थान से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ ईद-उल-अजहा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। बीएसएफ गुजरात फ्रंटियर और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों एवं सैनिकों के बीच गुजरात के कच्छ और बनासकांठा जिलों के साथ-साथ राजस्थान के बाड़मेर जिले के मुनाबाओ, गदरा, सोमरार, केलनोर और वर्नाहर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि दोनों देशों के सैनिकों के बीच दिवाली और ईद जैसे त्यौहार पर सद्भावना के तौर पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया जाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रखवाली करने वाले सैनिकों के बीच शांतिपूर्ण माहौल और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने में मदद मिलती हैं।
पीएम ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति से भी बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो को एक निजी पत्र में ईद-उल-अजहा के अवसर पर हार्दिक बधाई दी और G20 शिखर सम्मेलन के लिए इस वर्ष के अंत में इंडोनेशिया की अपनी यात्रा की पुष्टि की। जकार्ता में भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।