प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
कर देने में ईमानदारी को बढ़ावा देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद एक मिसाल पेश की है। प्रधानमंत्री मोदी को इस साल सियोल शांति पुरस्कार मिला था, उन्होंने पुरस्कार के साथ मिली राशि पर वित्त मंत्रालय से कर लेने का अनुरोध किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बाबत एक पत्र लिखा था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी को इस साल फरवरी में दक्षिण कोरिया की राजधानी में सियोल शांति पुरस्कार (Seoul Peace Prize) से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान पाने वाले वह 14वें व्यक्ति हैं। इसके साथ उन्हें एक करोड़ 30 लाख रुपये मिले थे। इस राशि पर आयकर विभाग ने आईटी अधिनियन की धारा 10 (17ए) (आई) के तहत छूट देने का फैसला किया था।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने 11 अगस्त को वित्त मंत्री को पत्र लिखा था कि उन्हें जानकारी मिली है कि आयकर विभाग ने सियोल शांति पुरस्कार में मिली राशि पर कर में छूट देने का फैसला लिया है, लेकिन वह खुद को आम नागरिक मानते हैं ऐसे में उनकी आत्मा इस छूट को स्वीकार करने की अनुमति नहीं देती। इसके बाद 14 अगस्त को आयकर ने छूट वापस ले ली थी।