प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 70वां जन्मदिन है। प्रधानमंत्री मोदी का नाम आए और विदेश यात्रा का जिक्र न हो, ऐसा होना थोड़ा मुश्किल है। मई 2014 में प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले पीएम मोदी तब से अब तक 104 देशों की यात्रा कर चुके हैं। इस मामले में वह केवल पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से पीछे हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में 113 विदेश यात्राएं की थीं।
अपने विदेश यात्राओं में प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे ज्यादा बार अमेरिका का दौरा किया है वहीं दूसरे स्थान पर रूस है। उन्होंने अमेरिका की यात्रा छह बार, रूस की यात्रा पांच बार और जापान और चीन की यात्रा चार-चार बार की है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वाडनगर में हुआ था।
मोदी ने 2015 में की थीं सबसे ज्यादा विदेश यात्राएं
2014 के बाद से अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2015 में सबसे ज्यादा विदेश यात्राएं कीं। साल 2014 में उन्होंने नौ विदेश यात्राएं की थीं वहीं, 2015 में उन्होंने 26 विदेश यात्राएं कर डाली थीं। साल 2016 में यह संख्या 18, साल 2017 में 14, साल 2018 में 23 और साल 2019 में यह संख्या 11 रही।
नरेंद्र मोदी से पहले देश के प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह विदेश यात्राओं के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 93 विदेश यात्राएं कीं। इसके बाद चौथे स्थान पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू रहे। इनके खाते में 68 विदेश यात्राएं दर्ज हैं। वहीं, 48 विदेश यात्राओं के साथ पांचवे स्थान पर अटल बिहारी वाजपेयी हैं।
पिछले 10 महीनों से नहीं किया एक भी विदेशी दौरा
अपनी विदेश यात्राओं के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 महीनों से एक भी विदेशी दौरा नहीं किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछला विदेश दौरा ब्राजील का किया था, जहां वह नवंबर 2019 में गए थे। नरेंद्र मोदी श्रीलंका में बम धमाकों के बाद वहां जाने वाले पहले विदेशी नेता थे।