आज भोपाल में करेंगे ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का उद्घाटन
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भोपाल में अपने निर्धारित कार्यक्रम में 15 मिनट का बदलाव किया है, ताकि बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों को असुविधा का सामना न करना पड़े। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी को सोमवार को भोपाल में 'इंवेस्ट मध्य प्रदेश- ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2025' का उद्घाटन करना है, जिसके लिए पहले उन्हें सुबह 9.45 बजे राजभवन से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होना था, लेकिन अब वह 10 बजे रवाना होंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने अपना कार्यक्रम 15 मिनट बढ़ाकर सुबह 10 बजे तय कर दिया है, ताकि छात्र तय समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छात्रों के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा छात्रों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति संवेदनशील रहते हैं। वह समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके छात्रों का मनोबल भी बढ़ाते हैं। बता दें कि, प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर में थे, जहां उन्होंने बागेश्वर धाम में एक कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखी। रविवार शाम को ही वह राजधानी भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री मोदी रात राजभवन में गुजारेंगे और अगले दिन सोमवार को ग्लोबल इंवेस्टरर्स समिट का उद्घाटन करेंगे।
असम में बिजनेस सम्मेलन कल से, 61 देशों के राजदूत पहुंचे, झूमुर का रहेगा जलवा
बिजनेस सम्मेलन में भाग लेने के लिए 61 देशों के राजदूत रविवार को असम पहुंचे। अलग-अलग देशों के राजदूत सोमवार सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम असम पहुंचेंगे और अगले दिन मंगलवार को दो दिवसीय ‘एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, पीएम मोदी व अतिथियों के स्वागत में असम के 8,500 से अधिक कलाकार झूमुर नृत्य की प्रस्तुति देंगे और वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाएंगे। विदेश मंत्री एस जयशंकर इस यात्रा के लिए राजदूतों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
सरमा बोले, यह कोई फन ट्रिप नहीं
सरमा ने कहा, यह कोई फन ट्रिप नहीं। इसका मकसद देश और विदेशी पर्यटकों को यह बताना है कि असम में अब शांति लौट चुकी है। असम के खिलाफ दूसरे देशों की ओर से जारी गई यात्रा एडवाइजरी को वापस लेने के लिए राजी करना है। हाल में ऑस्ट्रेलिया ने असम के खिलाफ अपनी यात्रा एडवाइजरी वापस ली है। उन्होंने यह भी कहा कि असम मंत्रिमंडल ने बिजनेस सम्मेलन से पहले 1.22 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी है।