प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मेलन में शरीक होने के अलावा भगवान पशुपतिनाथ के भी दर्शन करेंगे। वह पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में बनी 300 बिस्तरों वाली एक धर्मशाला का भी उद्घाटन करेंगे। इस धर्मशाला का निर्माण भारत की मदद से किया गया है। अपने पिछले दौरे के दौरान भी मोदी ने भगवान पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ के दर्शन किए थे।
बुद्ध सर्किट निर्माण पर होगा नेपाल का जोर
नेपाल के विदेश मंत्री ज्ञवाली ने बताया कि बैठक में बुद्ध सर्किट बनाने के मसले पर नेपाल का विशेष जोर होगा। वहीं नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय की सचिव (पूर्व) प्रीति सरन ने बताया कि सम्मेलन में सदस्य देशों के विकास के साथ शांति पर भी बातचीत होगी।
नेपाल के प्रधानमंत्री से होगी द्विपक्षीय वार्ता
सरन ने कहा, भारत ने हमेशा अपने पड़ोसियों की परवाह की है। हमारी कई समस्याएं समान है। हम सामूहिक नेतृत्व और भागीदारी के माध्यम से हर क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगति करना चाहते हैं। इस लिहाज से बिम्सटेक सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी अपने नेपाली समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके अलावा वह अन्य दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।