प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हैदराबाद में आयोजित होने वाली आठवीं ग्लोबल इंटरप्रेन्योरशिप समिट (जीईएस) का उद्घाटन करेंगे। इस तीन दिवसीय समिट में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप कर रही हैं। इवांका समिट में भाग लेने के लिए हैदराबाद पहुंच चुकी हैं।
नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने अमेरिकी राजदूत केनिथ जस्टर के साथ सोमवार को एक संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, निर्मला सीतारमण और सुरेश प्रभु भी इस समिट में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि उद्घाटन के बाद इवांका और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण एक परिचर्चा में हिस्सा लेंगी। इसमें महिला उद्यमियों के लिए अवसर बनाने पर चर्चा की जाएगी।
इस चर्चा का संचालन एमेरिट्स सिस्को के चेयरमैन जॉन चैंबर्स करेंगे। उन्होंने बताया कि जीईएस के समापन सत्र में महिला उद्यमियों का समर्थन करने वाले, उन्हें आगे बढ़ाने वाले और वित्तीय मदद करने वाले प्रभावशाली लोगों को साथ लाया जाएगा। समापन सत्र का संचालन वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु करेंगे।
पढ़ें- ग्लोबल इंटरप्रेन्योरशिप समिट : तेलंगाना ने इवांका की मेजबानी हासिल कर आंध्र को हराया
10 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधिमंडल में सिर्फ महिलाएं
कांत ने बताया कि अफगानिस्तान, सऊदी अरब और इस्राइल समेत 10 से ज्यादा देशों का प्रतिनिधित्व उनके महिला प्रतिनिधिमंडल द्वारा किया जाएगा। इस समिट का थीम ‘महिला प्रथम, सबकी समृद्धि’ है। यह जीईएस की पहली ऐसी बैठक होगी जिसमें प्रतिभागी महिलाओं का बहुमत (52.5 प्रतिशत) होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, इस समिट का थीम अमेरिका और भारत सरकार की उस सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिसके अनुसार, जब महिला आर्थिक रूप से सशक्त होगी, उनका समुदाय और देश फलेगा-फूलेगा। महिला उद्यमी इनोवेशन और नौकरियों के सृजन में मदद कर सकती हैं। साथ ही दुनिया सी सबसे बड़ी और सबसे महत्वपूर्ण चुनौतियों से भी निपट सकती हैं।