फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की से की बातचीत: भारत ने फिर दोहराया- बातचीत और कूटनीति से निकले जंग का समाधान

Mon, 09 Nov 2026 07:15 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

पीएम नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की है। दोनों नेताओं ने युद्ध के हालात और द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने पर चर्चा की। भारत ने शांति की कोशिशों में हरसंभव योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई? पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने जारी संघर्ष पर चर्चा की। भारत और यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी बात हुई।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने जारी संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने भारत के 'मानव-केंद्रित दृष्टिकोण' को दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत का लगातार यही रुख रहा है कि इस संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिये होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए होने वाले हर प्रयास में भारत योगदान देने को तैयार है।

बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की। इसका मकसद दोनों देशों के लोगों को आपसी रूप से लाभ पहुंचाना है।
विज्ञापन




ये भी पढ़ें: गोकुल डेयरी चुनाव विवाद: कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया जनादेश पलटने का आरोप; फडणवीस ने क्या दिया जवाब?

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
फोन पर बातचीत के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ फोन पर उपयोगी बातचीत करके खुशी हुई। हमने अपने व्यापक द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। भारत और यूक्रेन के संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। 

उन्होंने आगे लिखा, जारी संघर्ष, इसके मानवीय पहलुओं और शांति बहाल करने के लिए किए जा रहे अलग-अलग प्रयासों पर अपना नजरिया साझा करने के लिए मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की का धन्यवाद किया। शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में हरसंभव तरीके से योगदान देने की भारत की मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई।

बातचीत के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा?
बातचीत के बाद जेलेंस्की ने कहा कि भारत के लिए यह पहचानना जरूरी है कि युद्ध खत्म कराने में वह कौन-से कदम उठा सकता है। दूसरे नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत कर सकता है, इस पर भी विचार करना जरूरी है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट में कहा, भारत खाद्य गलियारे बनाने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। हम उम्मीद करते हैं कि ये प्रयास जारी रहेंगे।

अबू धाबी में होने वाली बैठक पर क्या बोले जेलेंस्की?
जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, हम अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रिय रूप से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन हमेशा रचनात्मक रुख अपनाता रहा है। रूस को भी तनाव कम करने के लिए ऐसी ही तत्परता दिखानी चाहिए।

जेलेंस्की ने कहा, प्रधानमंत्री (मोदी) ने कई बार, यहां तक कि सीधे रूसी नेता से भी कहा है कि अब युद्ध खत्म करने का समय है, इसे जारी रखने का नहीं। यह जरूरी है कि भारत पहचाने कि युद्ध खत्म कराने में वह कौन-से कदम उठा सकता है और दूसरे नेताओं के साथ किस तरह की बातचीत कर सकता है। 

अनाज के निर्यात को लेकर क्या उम्मीद है?
जेलेंस्की ने कहा कि खाद्य सुरक्षा ऐसा ही एक क्षेत्र हो सकता है। उन्होंने कहा, हमने काला सागर के रास्ते अनाज के निर्यात को रूस की ओर से रोके जाने पर चर्चा की। भारत खाद्य गलियारे बनाने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। हम उम्मीद करते हैं कि ये प्रयास जारी रहेंगे। 

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि रूस को समझना चाहिए कि समुद्री रास्ते बंद होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था और दुनिया भर के करोड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा, हम इस बात पर सहमत हुए कि हमारी टीमें इन और दूसरे द्विपक्षीय मुद्दों पर संपर्क में रहेंगी। 

जेलेंस्की ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष से क्या बात की?
जेलेंस्की ने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भी बातचीत की। रूस के लगातार हमलों के कारण यूक्रेन के कई शहरों और इलाकों में बिजली, पानी और हीटिंग (घरों को गर्म रखने) की सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है।

जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट में कहा, मैंने यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से बात की। इस समय रूस के हमलों के कारण हमारे कई शहर और इलाके बिजली, पानी और हीटिंग की आपूर्ति को लेकर बहुत मुश्किल स्थिति का सामना कर रहे हैं। कीव, निप्रो, सूमी और डोनेत्स्क क्षेत्र के साथ-साथ खेरसॉन में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने आगे कहा, मैंने उर्सुला को इन चुनौतियों के बारे में बताया। हम इस बात पर सहमत हुए कि यूरोपीय संघ एक विशेष आपातकालीन व्यवस्था शुरू करेगा। इससे यूक्रेन को इस समय सबसे जरूरी चीजों के लिए जल्द आर्थिक मदद मिल सकेगी। हमारी टीमें इस पर पहले से काम कर रही हैं।

दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा और मानवीय मदद पर भी चर्चा हुई। इसका मकसद सर्दियों के मौसम की तैयारी करना है। यूरोप के साथ यूक्रेन के जुड़ाव से जुड़े मुद्दों पर भी बात हुई।

यूरोपीय आयोग ने हाल ही में यूरोपीय संघ के विस्तार से जुड़ी अपनी सालाना रिपोर्ट जारी की थी। इसका जिक्र करते हुए जेलेंस्की ने कहा, इस सप्ताह यूरोपीय आयोग ने यूरोपीय संघ के विस्तार से जुड़ी अपनी सालाना रिपोर्ट जारी की। इसमें यूक्रेन की प्रगति का सकारात्मक आकलन किया गया है। सदस्यता प्रक्रिया के सभी समूहों को खोलना और उनसे जुड़े अध्यायों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करना जरूरी है।

जयशंकर ने रूस और यूक्रेन से बातचीत पर क्या बताया?
इससे पहले 31 अक्तूबर को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन संघर्ष पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से चर्चा की थी। यह बातचीत नई दिल्ली में हुई थी। इससे पहले बिश्केक में भी दोनों नेताओं ने इस मुद्दे पर बात की थी।

भारत रूस, यूक्रेन और अमेरिका के साथ कूटनीतिक बातचीत जारी रखे हुए है। इसका मकसद नागरिक जहाजों पर हमले रोकना, अनाज का निर्यात फिर शुरू करना और ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा करना है। जयशंकर ने अटलांटा में जी20 के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारत ने जारी संघर्ष के तीन अहम पहलुओं पर रूस, यूरोपीय देशों और यूक्रेन के साथ चर्चा की है। जयशंकर ने कहा, प्रधानमंत्री ने खुद दिल्ली में राष्ट्रपति पुतिन के साथ चर्चा की थी। इससे पहले बिश्केक में भी बातचीत हुई थी। 

उन्होंने कहा कि भारत रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत कर रहा है। वह पहले मॉस्को गए थे। इसके बाद उन्होंने कीव का दौरा किया था। उन्होंने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी। जयशंकर ने कहा, हम इस मुद्दे पर अमेरिकियों के साथ भी तालमेल बना रहे हैं। क्योंकि उनकी अपनी शांति मध्यस्थता पहल है। इसलिए विदेश मंत्री मार्को रुबियो को यहां क्या हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी है।

रूस-यूक्रेन संघर्ष में किन तीन मुद्दों पर भारत कर रहा काम?
जयशंकर ने बातचीत के तीन अहम मुद्दों के बारे में बताया।
  • पहला मुद्दा: नागरिक जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों पर हमले रोकना।
  • दूसरा मुद्दा: रूस और यूक्रेन से अनाज का निर्यात फिर शुरू करने का रास्ता निकालना। दोनों देश दुनिया के बड़े अनाज निर्यातक हैं। काला सागर में बाधाओं के कारण अनाज की आपूर्ति में काफी कमी आई है।
  • तीसरा मुद्दा: ऊर्जा से जुड़े ठिकानों और ईंधन की आपूर्ति करने वाले जहाजों पर हमले रोकना।

पुतिन ने पीएम मोदी के बारे में क्या कहा था?
अक्तूबर में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन संघर्ष के आपसी समाधान को लेकर मोदी के पास 'बहुत अच्छे विचार' हैं। वह हर बैठक में यह मुद्दा उठाते हैं।

पुतिन ने कहा था, जहां तक युद्ध खत्म करने पर प्रधानमंत्री मोदी के रुख की बात है, मैं कह सकता हूं कि वह उन विश्व नेताओं में से एक हैं, जो हमारे बहुत अच्छे, यहां तक कि व्यक्तिगत स्तर पर भी मित्रतापूर्ण संबंधों के बावजूद लगातार यह मुद्दा उठाते हैं। वह यूक्रेन में संघर्ष खत्म करने को लेकर सवाल पूछते हैं।
विज्ञापन


रूस ने भारत की तैयारी पर क्या कहा?
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव भी भारत की भूमिका पर बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान में व्यावहारिक योगदान देने की तैयारी जताई है। पेस्कोव ने कहा था कि रूस इस तैयारी और भारत की ओर से दिए गए विचारों के लिए नई दिल्ली का आभारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें