प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फिर विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी सरकार की कार्रवाई से कुछ लोग नाराज हैं। इसके बावजूद वह और उनकी सरकार भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ इस लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। भले ही उनके विरोधी उनके खिलाफ कितना भी बड़ा गठबंधन बना लें, कार्रवाई नहीं रुकेगी।
एक मीडिया संस्थान के कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नाराज और शोर करने वाले पिछले नौ वर्षों में उनकी सरकार की ईमानदार प्रणाली पर हमला कर रहे हैं। वे इसे नष्ट करना चाहते हैं, लेकिन वे अपनी साजिश में सफल नहीं हो पाएंगे। इसकी वजह यह है कि उनकी लड़ाई मोदी या सरकार से नहीं, बल्कि आम लोगों के खिलाफ है।
योजनाओं ने जमीनी स्तर पर एक क्रांति लाई: मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और बिजली-पानी के कनेक्शन जैसी सरकारी योजनाओं ने गरीबों को सुरक्षा का अहसास कराया। अब देश के विकास को गति मिल रही है। आम लोगों की शौचालय तक पहुंच सुनिश्चित करने वाली योजनाओं ने जमीनी स्तर पर एक क्रांति लाई है। गरीब से गरीब व्यक्ति को भी सुरक्षा और सम्मान की भावना का अहसास हो रहा है।
कुछ लोग मुझे गाली देने को मजबूर: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ इसलिए नाराज हैं, क्योंकि उन्होंने उनके लिए भ्रष्टाचार करने और पैसे कमाने के रास्ते बंद कर दिए हैं। उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई आधी अधूरी कार्रवाई नहीं की। कुछ लोग मुझे इसके लिए गाली देते नहीं थक रहे हैं।
विकास की नई गाथा लिख रहा देश: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को यह विश्वास कराया गया था कि वे देश के विकास पर बोझ हैं, वे आज विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। जब जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई तो कई लोगों ने उनकी सरकार का मजाक उड़ाया, लेकिन इन्हीं योजनाओं से देश का विकास हो रहा है। गरीब लोगों को अब विश्वास हो गया है कि उन्हें उनका हक मिलेगा, यह सही मायनों में सामाजिक न्याय है।