पीएम मोदी ने सोमवार को देश को संबोधित किया। उनका ये संबोधन ऑपरेशन सिंदूर को लेकर था। पीएम मोदी ने कहा कि, आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा है, इसलिए भारत ने आतंक के ये मुख्यालय उजाड़ दिए हैं। भारत के इन हमलों ने 100 से अधिक खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया है। आईए ग्राफिक के जरिए पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें जानें।
पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ चलाए गए भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीते दिनों में हमने देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा है। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं, सशस्त्र बलों, हमारी खुफिया एजेंसियों, हमारे वैज्ञानिकों को हर भारतवासी की तरह से सलाम करता हूं। हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं हमारे देश की हर माता को, देश की हर बहन को और देश की हर बेटी को यह वीरता, साहस, पराक्रम को आज समर्पित करता हूं।
विज्ञापन
पीएम मोदी बोले, 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने जो बर्बरता दिखाई थी, उसने देश और दुनिया को झकझोर दिया था। छुट्टियां मना रहे निर्दोष मासूम नागरिकों को धर्म पूछकर उनके परिवार के सामने, उनके बच्चों के सामने बेरहमी से मार डाला गया था। यह आतंक का बहुत वीभत्स चेहरा था। क्रूरता थी। यह देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से यह पीड़ा बहुत बड़ी थी।