प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों से पिछले तीन महीनों के दौरान की गई अपनी यात्राओं का ब्योरा मांगा है। प्रधानमंत्री यह पता करना चाहते हैं कि मंत्रियों ने नोटबंदी के दौरान सरकार की अन्य कोशिशों का प्रचार किया या नहीं। मंत्रियों को सोमवार तक ब्योरा दाखिल कर देने के लिए कहा गया है।
ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को इस काम के मंत्रियों के साथ को-ऑर्डिनेट करने को कहा गया है। सभी मंत्रियों से कहा गया है कि वे पिछले तीन महीनों का यात्रा विवरण जमा करें। अगर उन्होंने यात्रा नहीं की है तो उन्हें बताना होगा कि क्या वह दिल्ली में थे और क्या उन्होंने अपने दफ्तर में योगदान दिया था।
पीएम के इस निर्देश का मकसद यह जानना है कि सरकार के मंत्रियों ने उसकी पहलकदमियों खास कर नोटबंदी का प्रचार करने के लिए अपने क्षेत्र से बाहर का दौरा किया या नहीं। साथ ही यह भी जाननेकी कोशिश की जा रही है कि ये मंत्री अपने दफ्तर के काम और दौरों के बीच तालमेल बिठा कर काम कर रहे हैं नहीं।